तिरुवनंतपुरम, 31 मई (भाषा) केरल सरकार राज्य में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के खिलाफ व्यापक अभियान के तहत दो जून को ‘ऑपरेशन तूफान: द नार्को हंट’ शुरू करेगी।
इसे दक्षिण भारत के सबसे बड़े मादक पदार्थ रोधी अभियानों में से एक बताया जा रहा है।
आधिकारिक बयान के अनुसार, राज्य के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला द्वारा पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद घोषित की गई इस पहल का उद्देश्य कानून लागू करने के कड़े उपायों और व्यापक जन जागरूकता अभियान के माध्यम से मादक पदार्थों के प्रसार को रोकना है।
केरल पुलिस विभिन्न सरकारी विभागों के समन्वय से इस अभियान का नेतृत्व करेगी। इसका मुख्य लक्ष्य मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करना और नशे के खिलाफ सामुदायिक स्तर पर मजबूत प्रतिरोध तैयार करना है।
इस पहल के तहत, नशीली दवाओं से जुड़ी गतिविधियों की त्वरित रिपोर्टिंग की सुविधा के लिए एक डिजिटल रूप से सक्षम प्रणाली स्थापित की जाएगी। नागरिकों को मादक पदार्थों की तस्करी और सेवन के बारे में गुमनाम रूप से जानकारी साझा करने की सुविधा देने के लिए मोबाइल ऐप्लिकेशन और व्हाट्सएप चैटबॉट शुरू किए जाएंगे।
‘ऑपरेशन तूफान’ का आधिकारिक आरंभ दो जून को कॉटन हिल स्कूल में होगा। मुख्यमंत्री वी डी सतीशन इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप