Breaking News

हिमाचल: चंबा में टैक्सी खाई में गिरी, 8 टूरिस्ट्स की मौत     |   कोलकाता: ममता बनर्जी TMC नेताओं पर हुए हमले के विरोध में 2 जून को प्रदर्शन करेंगी     |   पश्चिम बंगाल: शुभेंदु कैबिनेट में कल 35 मंत्री शपथ लेंगे     |   पीएम आवास पर BJP केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक जारी, राज्यसभा चुनाव के उम्मीदवारों पर चर्चा     |   लखनऊ मेट्रो में लागू हुई ‘वन नेशन, वन कार्ड’ व्यवस्था, 15 जून से जारी होंगे नए NCMC     |  

ओडिशा: कार्यालय के महिला शौचालय में गुप्त कैमरा लगाने के आरोप में लिपिक गिरफ्तार

पारादीप/भुवनेश्वर, 31 मई (भाषा) ओडिशा के जगतसिंहपुर में जिला ग्रामीण विकास एजेंसी (डीआरडीए) के एक लिपिक को कार्यालय के महिला शौचालय में गुप्त कैमरा लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

आरोपी की पहचान संजय अदक (35) के रूप में हुई है, जो डीआरडीए कार्यालय में कनिष्ठ राजस्व सहायक के पद पर तैनात है। उसे शनिवार को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना 25 मई को उस समय प्रकाश में आई, जब एक महिला कर्मचारी शौचालय का उपयोग कर रही थी और तभी गुप्त कैमरा अचानक नीचे गिर गया।

जगतसिंहपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंकित कुमार वर्मा ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि इस घटना के बाद महिला ने 26 मई को तिरतोल थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद जांच शुरू की गई।

उन्होंने कहा, 'गहन जांच करने, सीसीटीवी फुटेज की जांच करने और उपकरण के फॉरेंसिक विश्लेषण के बाद, हमने महिला शौचालय क्षेत्र में अदक की बार-बार आवाजाही देखी।'

वर्मा ने बताया कि जब जांच की जा रही थी, तब आरोपी ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया और नरमी बरतने की गुहार लगाई।

उन्होंने कहा कि सभी सबूतों की जांच के बाद पता चला कि उसने कथित तौर पर एक ऑनलाइन खरीदारी मंच से गुप्त कैमरा खरीदा था।

एसपी ने बताया कि अदक ने कथित तौर पर मार्च में 'कार्यालय की महिला कर्मचारियों की निजी गतिविधियों को रिकॉर्ड करने के दुर्भावनापूर्ण इरादे से' शौचालय के अंदर गुप्त कैमरा लगाया था।

उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है।

पुलिस ने गुप्त कैमरा, हार्ड डिस्क, पेन ड्राइव, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त कर लिए हैं।

भाषा सुमित दिलीप

दिलीप