Breaking News

हिमाचल: चंबा में टैक्सी खाई में गिरी, 8 टूरिस्ट्स की मौत     |   कोलकाता: ममता बनर्जी TMC नेताओं पर हुए हमले के विरोध में 2 जून को प्रदर्शन करेंगी     |   पश्चिम बंगाल: शुभेंदु कैबिनेट में कल 35 मंत्री शपथ लेंगे     |   पीएम आवास पर BJP केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक जारी, राज्यसभा चुनाव के उम्मीदवारों पर चर्चा     |   लखनऊ मेट्रो में लागू हुई ‘वन नेशन, वन कार्ड’ व्यवस्था, 15 जून से जारी होंगे नए NCMC     |  

असम मत्स्य घोटाले का एक और आरोपी ओडिशा में गिरफ्तार

गुवाहाटी, 31 मई (भाषा) असम मत्स्य विकास निगम लिमिटेड (एएफडीसीएल) में कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में एक और आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है।

उन्होंने बताया कि पद्मकांत हजारिका को शनिवार को पुरी में गिरफ्तार किया गया। उसे ट्रांजिट रिमांड पर गुवाहाटी लाया जाएगा। इस बीच, गुवाहाटी स्थित उसके फ्लैटों पर भी छापेमारी की गई है।

सतर्कता विभाग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “असम मत्स्य विकास निगम लिमिटेड के धन के गबन से संबंधित मामले के संदर्भ में प्रमुख आरोपी एवं एएफडीसीएल के तत्कालीन परियोजना निदेशक पद्मकांत हजारिका को कल ओडिशा के पुरी से गिरफ्तार किया गया है।”

विभाग ने कहा, “हजारिका को शनिवार रात पुरी की अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने आरोपी को गुवाहाटी लाने के लिए चार दिन की ट्रांजिट रिमांड मंजूर की।”

गुवाहाटी स्थित सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय (डीवीएसी) की ओर से जारी बयान में कहा गया कि शनिवार को गुवाहाटी में हजारिका के तीन फ्लैटों पर छापेमारी की गई। ये सभी फ्लैट शहर के हाटीगांव क्षेत्र में स्थित हैं। बयान में कहा गया, “बड़ी संख्या में मामले से जुड़े आपत्तिजनक दस्तावेज, विभिन्न संगठनों एवं परिषदों की पांच मुहरें तथा नोट गिनने की एक मशीन सहित कई अन्य सामान बरामद किए गए हैं।”

गत सप्ताह इसी मामले में असम सिविल सेवा (एसीएस) संवर्ग के दो अधिकारियों सहित कम से कम आठ सरकारी अधिकारियों को वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय ने मंगलवार को जारी एक बयान में कहा था कि ये गिरफ्तारियां गुवाहाटी, बेलसोर (नलबाड़ी), गौरीपुर (धुबरी) और राहा (नगांव) सहित कई स्थानों से की गई थीं।

पहले गिरफ्तार किए गए लोगों में एसीएस अधिकारी अनुराधा अधिकारी शर्मा और नरेन चंद्र बसुमतारी शामिल हैं, जो दोनों एएफडीसीएल के पूर्व प्रबंध निदेशक रह चुके हैं। इसके अलावा एएफडीसीएल के दो पूर्व कार्यकारी अभियंता ज्योतिष सैकिया और बिरिंची अधिकारी को भी गिरफ्तार किया गया था।

एएफडीसीएल के अन्य कर्मचारियों—ज्योति प्रसाद सैकिया (तत्कालीन सहायक कार्यकारी अभियंता), साबुरुद्दीन अहमद (तत्कालीन सहायक अभियंता), भोगीरथ दास (तत्कालीन परियोजना प्रबंधक) और रबींद्र नारायण डेका (तत्कालीन सहायक तकनीकी अधिकारी)—को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया है।

भाषा रवि कांत रवि कांत वैभव

वैभव