जैसलमेर, 31 मई (भाषा) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप अपने पति माइकल बुलोस के साथ रविवार सुबह निजी दौरे पर राजस्थान के जैसलमेर पहुंचीं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
दोनों विशेष विमान से दिल्ली से जैसलमेर सिविल हवाई अड्डे पहुंचे, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल और पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने उनका स्वागत किया।
दोनों के लिए सम रोड क्षेत्र के एक होटल में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। पूरे शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और स्थानीय पुलिस, भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ-साथ अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के कर्मी तैनात हैं।
शाम को वे प्रसिद्ध सोनार किले पहुंचे और गोल्फ कार्ट से किले के परिसर का भ्रमण किया। वीवीआईपी मेहमानों ने किले के संग्रहालय का दौरा किया और क्षेत्र की समृद्ध कला, संस्कृति व इतिहास से परिचित हुए।
स्थानीय धरोहर विशेषज्ञ विजय बल्लानी ने उन्हें किले के ऐतिहासिक महत्व, स्थापत्य और सांस्कृतिक विरासत के बारे में जानकारी दी।
पूरे दौरे के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही और किले में मीडिया की पहुंच प्रतिबंधित रही।
अधिकारियों के अनुसार, अपने प्रवास के दौरान टिफनी और बुलोस सोनार किला, पटवों की हवेली और गड़ीसर झील जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगे। एक रात ठहरने के बाद उनके सोमवार को दिल्ली लौटने की संभावना है।
अधिकारियों ने बताया कि इस दौरे से स्थानीय पर्यटन क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना है।
भाषा बाकोलिया जोहेब
जोहेब