ईटानगर, 31 मई (भाषा) उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर सीबीआई जांच के आदेश के बाद अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू के राजनीतिक भविष्य को लेकर जारी अटकलों के बीच, प्रदेश भाजपा ने रविवार को उनका समर्थन किया और जोर देकर कहा कि जांच जारी रहने के दौरान नेतृत्व परिवर्तन का कोई सवाल ही नहीं उठता।
पार्टी की यह टिप्पणी असम के एक समाचार पोर्टल की उस खबर के एक दिन बाद आई है, जिसमें कहा गया था कि सीबीआई जांच के मद्देनजर खांडू इस्तीफा दे देंगे।
अप्रैल में उच्चतम न्यायालय ने सीबीआई को उस मामले की जांच का आदेश दिया था, जिसमें आरोप है कि 2015 से 2025 के बीच लगभग 1,270 करोड़ रुपये के सार्वजनिक निर्माण ठेके उन फर्म को दिए गए थे जिनका कथित तौर पर खांडू के परिवार के सदस्यों से संबंध है। फिलहाल जांच जारी है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष कालिंग मोयोंग ने यहां संवाददाताओं से कहा कि पार्टी न्यायिक प्रक्रिया का पूरी तरह से सम्मान करेगी और जांच पूरी होने तक कोई निर्णय नहीं लेगी।
मोयोंग ने कहा, ‘‘यदि उच्चतम न्यायालय मुख्यमंत्री के खिलाफ फैसला सुनाता है, तो पार्टी उचित निर्णय लेगी। लेकिन अभी नहीं, क्योंकि जांच जारी है।’’
राज्य में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि पार्टी एकजुट है और सोशल मीडिया और डिजिटल मंचों पर प्रसारित अपुष्ट रिपोर्ट के माध्यम से अटकलों को हवा देने के प्रयासों के बावजूद ‘‘नेतृत्व परिवर्तन पर कोई चर्चा नहीं हुई है’’।
मुख्यमंत्री के प्रति समर्थन दोहराते हुए, भाजपा के महासचिव तादार निगलर ने कहा कि पार्टी के सभी विधायक खांडू के नेतृत्व में एकजुट हैं। उन्होंने सत्तारूढ़ पार्टी के भीतर मतभेदों की अटकलों को खारिज किया।
भाषा
शफीक सुरेश
सुरेश