सिलीगुड़ी (प.बंगाल), 31 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर एन रवि ने रविवार को कहा कि जब कोई हारता है, तो चुनाव के परिणामों पर सवाल उठाए जाने लगते हैं।
राज्यपाल ने कहा कि हालांकि यह समझा जा सकता है कि बाहरी लोग ऐसे प्रयास करेंगे, लेकिन देश के भीतर भी कुछ संस्थाएं संवैधानिक संस्थानों की विश्वसनीयता पर सवाल उठा रही हैं।
रवि ने यहां एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘जब फैसला किसी के पक्ष में नहीं आता, तो वे कहते हैं कि अदालत निष्पक्ष नहीं है।’’
राज्यपाल ने किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल का नाम लिए बिना कहा, ‘‘चुनाव जीतने पर तो सब ठीक है, लेकिन हारने पर वे दावा करते हैं कि मतों की चोरी हुई है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह भ्रम फैलाने और देश के विश्वास को तोड़ने का प्रयास है।’’
राज्यपाल ने दावा किया कि इस तरह के प्रयासों में आंतरिक शत्रु बाहरी शत्रुओं के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे आत्मविश्वास को तोड़ने के प्रयास न केवल बाहरी लोगों द्वारा किए जा रहे हैं, बल्कि हमारे अपने लोगों द्वारा भी किए जा रहे हैं।’’
पश्चिम बंगाल में हाल में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस को हराकर राज्य में पहली बार अपनी सरकार बनाई थी।
भाषा
देवेंद्र दिलीप
दिलीप