जयपुर, 31 मई (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को कहा कि शिक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त महिलाएं समाज और राष्ट्र की प्रगति की नींव हैं।
उन्होंने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह बात कही।
बिरला ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने सेवा और न्याय को शासन का आधार बनाया तथा धार्मिक स्थलों के पुनर्निर्माण के माध्यम से भारत के सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ किया।
उन्होंने कहा, “उनका जीवन हमें सिखाता है कि शिक्षित और सशक्त महिलाएं ही सामाजिक और राष्ट्रीय विकास की वास्तविक प्रेरक शक्ति हैं। उनके आदर्श विकसित भारत और विकसित राजस्थान की नींव हैं।”
मुख्यमंत्री ने काशी विश्वनाथ मंदिर समेत कई तीर्थ स्थलों के पुनर्निर्माण और पुष्कर में विकास कार्यों में अहिल्याबाई के योगदान को रेखांकित किया।
उन्होंने महिला सैन्य इकाई का गठन करने के लिए उनके सैन्य व प्रशासनिक नेतृत्व का भी उल्लेख किया।
शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार विमुक्त, घुमंतू और अर्ध-घुमंतू समुदायों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और राज्य बजट में “स्कूल ऑन व्हील्स” जैसी पहल की घोषणा की गई है।
भाषा बाकोलिया जोहेब
जोहेब
जोहेब