Breaking News

हिमाचल: चंबा में टैक्सी खाई में गिरी, 8 टूरिस्ट्स की मौत     |   कोलकाता: ममता बनर्जी TMC नेताओं पर हुए हमले के विरोध में 2 जून को प्रदर्शन करेंगी     |   पश्चिम बंगाल: शुभेंदु कैबिनेट में कल 35 मंत्री शपथ लेंगे     |   पीएम आवास पर BJP केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक जारी, राज्यसभा चुनाव के उम्मीदवारों पर चर्चा     |   लखनऊ मेट्रो में लागू हुई ‘वन नेशन, वन कार्ड’ व्यवस्था, 15 जून से जारी होंगे नए NCMC     |  

झारखंड के बोकारो में महिला की ‘हत्या’ मामले में छह लोग गिरफ्तार

.बोकारो, 31 मई (भाषा) झारखंड के बोकारो जिले में 25 वर्षीय एक महिला की कथित हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार महिला ने शुक्रवार रात दो पड़ोसियों के बीच हुए विवाद को शांत कराने का प्रयास किया था, जिस दौरान उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल महिला की शनिवार को बोकारो के एक अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।

इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई ने दावा किया है कि महिला चार महीने की गर्भवती थी और उसकी हत्या की गई है। पार्टी ने इस घटना के विरोध में एक दिवसीय बंद का आह्वान किया था, लेकिन मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इसे वापस ले लिया गया।

बोकारो से भाजपा के पूर्व विधायक बिरंची नारायण ने कहा, “पार्टी ने इस घटना के विरोध में एक दिवसीय बंद का आह्वान किया था, लेकिन हमने इसे वापस लेने का फैसला किया क्योंकि पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।”

बेरमो थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया, ‘‘हमने इस मामले में मुख्य आरोपी सुरेंद्र भुइयां समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार रात मुख्य आरोपी और एक अन्य पड़ोसी के बीच हुए विवाद में हस्तक्षेप करने पर महिला के साथ कथित रूप से मारपीट की गई थी। महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां शनिवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।’’

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात बेरमो थाना क्षेत्र के धौरा ढोरी रेलवे साइडिंग स्थित पांच नंबर कॉलोनी में हुई। पीड़ित अनीता देवी (25) और उसके पति ने दो पड़ोसियों के बीच हो रहे झगड़े में हस्तक्षेप किया था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया है।

गिरफ्तार किए गए पांच अन्य आरोपियों की पहचान बबलू कुमार, बीरेंद्र कुमार भारती, राहुल डेगर, राजेश भुइयां और धीरेन भुइयां के रूप में हुई है।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित के परिजनों के बयान और लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

भाषा रवि कांत रवि कांत अविनाश

अविनाश