Breaking News

हिमाचल: चंबा में टैक्सी खाई में गिरी, 8 टूरिस्ट्स की मौत     |   कोलकाता: ममता बनर्जी TMC नेताओं पर हुए हमले के विरोध में 2 जून को प्रदर्शन करेंगी     |   पश्चिम बंगाल: शुभेंदु कैबिनेट में कल 35 मंत्री शपथ लेंगे     |   पीएम आवास पर BJP केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक जारी, राज्यसभा चुनाव के उम्मीदवारों पर चर्चा     |   लखनऊ मेट्रो में लागू हुई ‘वन नेशन, वन कार्ड’ व्यवस्था, 15 जून से जारी होंगे नए NCMC     |  

गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस का सफाया हो गया : अमित शाह

गांधीनगर, 17 मई (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को पश्चिम बंगाल चुनावों में भाजपा की हालिया जीत की सराहना की तथा कहा कि पार्टी और उसके राजग सहयोगी अब देश के 80 प्रतिशत भूभाग पर शासन कर रहे हैं।

गांधीनगर नगर निगम के लिए 620 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस का सफाया हो गया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी अपना खाता भी नहीं खोल पाई।

शाह ने कहा कि गुजरात में भाजपा की ‘‘विकास की अजेय यात्रा’’ नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुई और बाद में इसे पूर्व मुख्यमंत्रियों आनंदीबेन पटेल और विजय रूपाणी तथा वर्तमान मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल द्वारा आगे बढ़ाया गया।

शाह ने कहा, ‘‘भाजपा के इस विकास-समर्थक दृष्टिकोण के परिणामस्वरूप, हाल ही में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस का पूर्णतः सफाया हो गया। चाहे हम दूरबीन से दूर-दूर तक ही क्यों न देखें, कांग्रेस कहीं नजर नहीं आती।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आम आदमी पार्टी के लोग, जो ‘हम यह जीतेंगे, हम वह जीतेंगे’ का दावा कर रहे थे, दिल्ली में बुरी तरह हार गए, और यहां तो वे खाता भी नहीं खोल पाए।’’

शाह ने लोगों से घनिष्ठ संपर्क बनाए रखने और उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे पार्टी में जनता का विश्वास मजबूत हुआ है।

कोविड-19 महामारी के दौर को याद करते हुए शाह ने कहा कि गुजरात भर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने निस्वार्थ भाव से लोगों की सेवा की।

उन्होंने कहा, ‘‘जिन नगर निगमों में चुनाव हुए, उन सभी में हमने जीत हासिल की। ​​84 नगरपालिकाओं में से भाजपा ने 77 में जीत दर्ज की। 34 जिलों में चुनाव हुए, जिनमें से भाजपा ने 33 जिलों में जीत हासिल की ​​और 260 तालुका पंचायतों में से भाजपा ने 253 में जीत दर्ज की।’’

कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जिक्र करते हुए शाह ने गुजरात में कांग्रेस की संभावनाओं पर कटाक्ष किया।

उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी यहां कार्यकर्ताओं का सम्मेलन कर रहे थे और कह रहे थे ‘अगली बारी कांग्रेस की’। उन्हें समझ लेना चाहिए कि अगले सात जन्मों तक भी कोई मौका नहीं है।’’

भाषा

शफीक नरेश

नरेश