नयी दिल्ली, 17 मई (भाषा) भाषा की विभिन्न फाइल से रविवार रात नौ बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार है:
अर्थ26: होर्मुज एलपीजी जहाज
होर्मुज जलडमरूमध्य को पार कर 20,000 टन एलपीजी लेकर गुजरात पहुंचा जहाज
कांडला (गुजरात), पश्चिम एशिया संकट के बीच कतर से 20,000 टन तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) लेकर चला एक जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर गुजरात के कांडला स्थित दीनदयाल बंदरगाह प्राधिकरण पहुंच गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
वि25: मोदी नीदरलैंड संपूर्ण लीड वार्ता
भारत, नीदरलैंड ने द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाया, 17 समझौतों पर हस्ताक्षर
द हेग, वैश्विक भू-राजनीति में बदलावों के बीच भारत और नीदरलैंड ने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नीदरलैंड के उनके समकक्ष रॉब जेटेन के बीच हुई वार्ता के दौरान रक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए 17 समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।
दि15: राहुल नीट प्रधान
मोदी बार-बार पेपर लीक के बावजूद शिक्षा मंत्री प्रधान को बर्खास्त क्यों नहीं कर रहे: राहुल गांधी
नयी दिल्ली, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से पूछा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के कार्यकाल में बार-बार पेपर लीक होने के बावजूद वह उन्हें (प्रधान को) बर्खास्त क्यों नहीं कर रहे हैं।
प्रादे66: मप्र चौथी लीड ट्रेन आग
मप्र : दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस के एसी डिब्बे में लगी आग, कोई हताहत नहीं
रतलाम/कोटा,मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में तिरुवनंतपुरम से नयी दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन में रविवार सुबह आग लग गई, जिससे दो डिब्बे क्षतिग्रस्त हो गए और कई घंटों तक मुंबई-दिल्ली रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रही।
दि8: शिक्षा सीबीएसई ओएसएम
‘ऑन-स्क्रीन मार्किंग’ प्रणाली त्रुटिरहित और अंतरराष्ट्रीय मानक के अनुरूप: शिक्षा मंत्रालय
नयी दिल्ली, शिक्षा मंत्रालय ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 12वीं की परीक्षाओं में ‘ऑन-स्क्रीन मार्किंग’ (ओएसएम) प्रणाली से अंकों पर असर पड़ने की चिंताओं को रविवार को खारिज किया और पुनर्मूल्यांकन तथा उत्तर पुस्तिका सत्यापन शुल्क घटाकर 100-100 रुपये करने की घोषणा की।
प्रादे100: केरल सतीशन मंत्री
केरल: नामित मुख्यमंत्री सतीशन ने सोमवार को साथ शपथ लेने वाले मंत्रियों के नामों की घोषणा की
तिरुवनंतपुरम, केरल के नामित मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने उनके मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले सदस्यों के नामों की घोषणा रविवार को की। सतीशन और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य सोमवार को शपथ ग्रहण करेंगे।
प्रादे124: बंगाल हावड़ा स्टेशन लीड अतिक्रमण
बंगाल : हावड़ा, सियालदह रेलवे स्टेशन परिसरों में अतिक्रमण रोधी अभियान चलाए गए
कोलकाता, पश्चिम बंगाल में हावड़ा और सियालदह रेलवे स्टेशन परिसरों में रविवार को अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया, जिसके तहत अवैध दुकानों और ढांचों को ध्वस्त कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
दि6: कांग्रेस निकोबार
ग्रेट निकोबार परियोजना पारिस्थितिकी तबाही का एक नुस्खा है: रमेश
नयी दिल्ली, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को ग्रेट निकोबार द्वीप परियोजना पर एक पत्र लिखकर कहा कि वर्तमान स्वरूप में यह परियोजना ‘‘पारिस्थितिकी तबाही’’ का कारण बन सकती है।
प्रादे128: बिहार दूसरी लीड अदाणी
अदाणी समूह अगले कुछ वर्षों में बिहार में करेगा 50-60 हजार करोड़ रुपये का निवेश : गौतम अदाणी
मस्तीचक (बिहार), अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने रविवार को कहा कि समूह अगले कुछ वर्षों में बिहार में 50,000 से 60,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगा।
प्रादे129: हिमाचल निकाय चुनाव दूसरी लीड मतदान
हिमाचल प्रदेश : नगर परिषद, नगर पंचायत चुनाव में 72.42 प्रतिशत मतदान
शिमला, हिमाचल प्रदेश में रविवार को 47 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनाव में लगभग 72 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि चार नगर निगमों में 63.61 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
दि16: विधि सिख विवाह सिक्किम
सिक्किम में एक जून से आनंद विवाह अधिनियम लागू होगा
नयी दिल्ली, सिख दंपतियों को अपने विशिष्ट कानूनी ढांचे के तहत पारंपरिक विवाह पंजीकृत करने में सक्षम बनाने वाला आनंद विवाह अधिनियम सिक्किम में एक जून से लागू हो जाएगा। केंद्रीय कानून मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
अर्थ29: भारत श्रीलंका हवाई अड्डा
हंबनटोटा बंदरगाह के निकट रणनीतिक हवाई अड्डे को पट्टे पर देने की श्रीलंका की योजना पर भारत की नजर
नयी दिल्ली, भारत, चीन के नियंत्रण वाले हंबनटोटा बंदरगाह के निकट स्थित श्रीलंका के एक हवाई अड्डे के संचालन में विदेशी निवेशकों को हिस्सेदारी देने की योजना पर करीबी नजर रखे हुए है। मामले से परिचित लोगों ने रविवार को यह जानकारी दी।
खेल21: खेल आईपीएल लीड पंजाब
वेंकटेश और कोहली के अर्धशतक से पंजाब को हराकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु प्ले ऑफ में
धर्मशाला, वेंकटेश अय्यर और विराट कोहली के अर्धशतक से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इंडियन प्रीमियर लीग में रविवार को यहां पंजाब किंग्स को 23 रन से हराकर प्ले ऑफ में जगह पक्की करने वाली पहली टीम बनी।
भाषा
राखी नरेश
नरेश