Breaking News

हिमाचल: चंबा में टैक्सी खाई में गिरी, 8 टूरिस्ट्स की मौत     |   कोलकाता: ममता बनर्जी TMC नेताओं पर हुए हमले के विरोध में 2 जून को प्रदर्शन करेंगी     |   पश्चिम बंगाल: शुभेंदु कैबिनेट में कल 35 मंत्री शपथ लेंगे     |   पीएम आवास पर BJP केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक जारी, राज्यसभा चुनाव के उम्मीदवारों पर चर्चा     |   लखनऊ मेट्रो में लागू हुई ‘वन नेशन, वन कार्ड’ व्यवस्था, 15 जून से जारी होंगे नए NCMC     |  

दिल्ली में मकान मालिक को फंसाने के लिए खुद पर गोली चलाने का नाटक रचने के आरोप में किराएदार गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 17 मई (भाषा) उत्तरी दिल्ली में मकान मालिक को फंसाने, उससे पैसे वसूली करने और बेदखली में देरी करने के प्रयास में खुद पर जानलेवा हमले का नाटक करने के आरोप में एक किराएदार को उसके दो साथियों के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान अविनाश कुमार (42) के रूप में हुई है, जिसने अपने साथियों के साथ कथित तौर पर मिलकर अपनी जांघ में गोली मारने और इस घटना को अज्ञात हमलावरों द्वारा किए गए हमले के रूप में पेश करने की साजिश रची थी।

इसने बताया कि 10 मई को कुमार ने पुलिस को सूचना दी कि एक अज्ञात व्यक्ति चांदनी चौक के कुचा बुलाकी स्थित उसके किराए के मकान में घुस गया और उस पर गोली चलाई।

पुलिस ने बताया कि कुमार के दावे के अनुसार, दो से तीन गोलियां चलाई गईं और एक गोली उसकी दाहिनी जांघ को छूकर निकल गई।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘उसका बेटा उसे लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल ले गया। घटनास्थल का मुआयना करने और खून के धब्बे तथा कारतूस के दो खोल बरामद करने के बाद कोतवाली पुलिस में मामला दर्ज किया गया।’’

जांच के दौरान, पुलिस ने इलाके और आसपास के रास्तों पर लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

पुलिस के अनुसार, जांच में पता चला कि कुमार और उसका परिवार किराएदार के रूप में रह रहे थे तथा मकान मालिक द्वारा संपत्ति बेचे जाने के बाद उन्हें कमरा खाली करने के लिए कहा गया था।

जांचकर्ताओं ने पाया कि कुमार ने तीस हजारी अदालत में मालिकों के खिलाफ एक दीवानी मुकदमा भी दायर किया था और संपत्ति खाली करने के बदले वित्तीय समझौते के लिए कथित तौर पर दबाव डालने की साजिश रची थी।

अधिकारी ने कहा, ‘‘कुमार ने सह-आरोपी दीपक कुमार और लोकेश दहिया के साथ मिलकर फर्जी गोलीबारी की साजिश रची तथा उसे अंजाम दिया।’’

पुलिस के अनुसार, अपराध में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई कार दीपक कुमार से बरामद की गई। कुमार की निशानदेही पर एक देसी पिस्तौल, दो मैगज़ीन और 14 कारतूस भी बरामद किए, साथ ही अपराध के दौरान आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए।

भाषा

यासिर नेत्रपाल

नेत्रपाल