नयी दिल्ली, 15 अप्रैल (भाषा) महिला आरक्षण कानून में संशोधनों पर विचार और पारित करने के लिए संसद के तीन दिवसीय विशेष सत्र की पूर्व संध्या पर, बुधवार को दिल्ली के कनॉट प्लेस में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं और भाजपा महिला मोर्चा की सदस्यों ने ‘महिला बाइक रैली’ निकाली और मानव श्रृंखला बनाकर इस आरक्षण का समर्थन किया।
इससे जुड़े प्रस्तावित संशोधनों के पारित होने के बाद 2029 से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण तय हो जाएगा।
भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि देश भर की महिलाएं ‘नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक’ के प्रति जागरूक हैं और वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार का आभार व्यक्त कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि यह विधेयक महिलाओं को उनका उचित प्रतिनिधित्व दिलाने की दिशा में एक स्वागतयोग्य कदम है।
इसके अलावा, भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में पदयात्राएं भी निकालीं।
भाषा
प्रचेता नेत्रपाल
नेत्रपाल