मुंबई, 15 अप्रैल (भाषा) मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) में मेट्रो निर्माण कार्य में लगी एक भारी क्रेन बुधवार सुबह गिर गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन इस घटना के कारण मुंबई के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों में से एक पर यातायात जाम हो गया।
घटना के बाद अधिकारियों ने ठेकेदार ‘जे कुमार इन्फ्राप्रोजेक्ट्स लिमिटेड’ पर एक करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है।
मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) के अधिकारियों ने बताया कि क्रेन की मरम्मत का काम देर शाम तक जारी रहा और यातायात को दूसरे मार्ग पर मोड़ दिया गया है।
एमएमआरडीए के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना सुबह करीब साढ़े चार बजे बीकेसी मेट्रो लाइन 2बी स्टेशन के निर्माण के दौरान हई।
एमएमआरडीए ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘करीब 400 टन वजनी क्रेन एक पूर्वनिर्मित बीम उठाते समय कथित तौर पर तकनीकी खराबी के कारण पलट गई।’’
इसने कहा, ‘‘इस पलटी हुई क्रेन को सुरक्षित रूप से हटाने के लिए 600 टन क्षमता वाली क्रेन लगाई जा रही है।’’
भाषा
प्रचेता नेत्रपाल
नेत्रपाल