नयी दिल्ली, 15 अप्रैल (भाषा) भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) और राष्ट्रीय राजधानी के अन्य शहरी स्थानीय निकायों को दिल्ली में 100 साल से अधिक पुराने रेलवे स्टेशनों, स्कूलों और कॉलेजों की पहचान करने तथा उनका दस्तावेजीकरण करने के लिए कहा है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि शहरी स्थानीय निकायों के वरिष्ठ अधिकारी इन संस्थानों की पहचान करेंगे। यह पहल उन पुराने सार्वजनिक भवनों का व्यापक रिकॉर्ड तैयार करने के उद्देश्य से की जा रही है जो अभी भी उपयोग में हैं।
जिन स्थलों को इसमें शामिल किए जाने की संभावना है, उनमें 1903 का पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, अजमेरी गेट स्थित एंग्लो-अरेबिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिसर और करोल बाग स्थित 1916 का तिब्बिया कॉलेज शामिल हैं।
इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा, ‘‘दिल्ली में बड़ी संख्या में रेलवे स्टेशन और शैक्षणिक संस्थान हैं जो एक सदी से अधिक समय से शहर की सेवा कर रहे हैं। इस प्रक्रिया से इन स्थानों की पहचान करने और अद्यतन रिकॉर्ड बनाए रखने में मदद मिलेगी।’’
अधिकारियों ने बताया कि नगर निकायों से अपेक्षा की जाती है कि वे इन संस्थानों का एक समेकित डेटाबेस तैयार करें, जिसमें भवन का नाम, उसकी प्राचीनता, स्वामित्व की स्थिति और वर्तमान स्थिति जैसे विवरण दर्ज किए जाएं।
इस प्रक्रिया के दौरान एएसआई से सहायता प्रदान की जाएगी।
भाषा सुभाष नेत्रपाल
नेत्रपाल