जयपुर, 15 अप्रैल (भाषा) भारतीय सेना की दक्षिण-पश्चिमी कमान ने बुधवार को जयपुर सेना स्टेशन पर अपना 22वां स्थापना दिवस मनाया और इस दौरान सैन्य बैंड की ओर से प्रस्तुति भी दी गई।
यह कमान 15 अप्रैल 2005 को स्थापित हुई थी और पश्चिमी सीमाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाली सेना की नवीनतम कमान है।
सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह ने सभी रैंक, पूर्व सैनिकों, रक्षा कर्मचारियों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं तथा उनके समर्पण, साहस और बलिदान की सराहना की।
उन्होंने कहा कि कमान ने पश्चिमी मोर्चे पर मजबूत परिचालन स्थिति स्थापित की है और पेशेवर दक्षता, प्रशिक्षण तथा तत्परता के उच्च मानक बनाए रखे हैं।
सिंह ने कहा, ‘‘कमान तकनीक-आधारित और चुस्त बल के रूप में विकसित हुई है, जो उभरती युद्धभूमि की चुनौतियों का सामना करने में सक्षम है।’’
इस अवसर पर प्रेरणा स्थल पर पुष्पांजलि समारोह आयोजित किया गया, जहां वरिष्ठ अधिकारियों और पूर्व सैनिकों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जयपुर मिलिट्री स्टेशन पर सैन्य बैंड की प्रस्तुति दी गई, जबकि आम जनता के लिए भारतीय सेना के सिंफनी बैंड का विशेष कार्यक्रम जवाहर कला केंद्र में आयोजित किया गया।
भाषा बाकोलिया खारी
खारी