Breaking News

TMC ने ECI से की वित्त मंत्री सीतारमण की शिकायत, आचार संहिता उल्लंघन का आरोप     |   ईरान के साथ सीजफायर बढ़ाने पर सहमत नहीं अमेरिका     |   बिहार में विभागों का बंटवारा: सीएम सम्राट चौधरी संभालेंगे 29 मंत्रालय, दोनों डिप्टी CM को मिले इतने विभाग     |   तुर्की के स्कूल में स्टूडेंट ने की फायरिंग, 4 की मौत     |   ईरान युद्ध खत्म हो जाने के बाद तेल की कीमतें कम हो जाएंगी: ट्रंप     |  

राजस्थान में एंटीबायोटिक दवा ‘अमानक’ घोषित, 12.78 लाख का भंडार जब्त

जयपुर, 15 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के खाद्य सुरक्षा एवं ओषधि नियंत्रण आयुक्तालय ने एक एंटीबायोटिक दवा को गंभीर रूप से ‘अमानक’ घोषित करते हुए नकली दवा को लेकर अलर्ट जारी किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने अनुसार, जयपुर स्थित ओषधि परीक्षण प्रयोगशाला की रिपोर्ट में अमोक्सिसिलिन पोटैशियम क्लेवुलेनेट एंड लैक्टिक एसिड बेसिलस टैबलेट (किलमेड 625 एलबी) नामक दवा का नमूना गंभीर रूप से अमानक पाया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘जांच में सामने आया कि दवा में दावे के अनुरूप ‘क्लेवुलेनिक एसिड’ मौजूद ही नहीं था, जो इसके प्रभाव के लिए आवश्यक घटक है।’’

आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने बताया कि यह दवा वीएडीएसपी फार्मा, बद्दी (हिमाचल प्रदेश) द्वारा निर्मित की गई थी और जयपुर स्थित ‘आईक्यूमेड हेल्थकेयर’ के लिए भेजी गई थी।

औषधि नियंत्रक अजय फाटक ने बताया कि राज्य के सभी सहायक ओषधि नियंत्रकों और ओषधि नियंत्रण अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इस बैच की उपलब्धता की जांच करें और आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उन्होंने बताया कि संबंधित निर्माता की अन्य दवाओं के नमूने भी जांच के लिए लेने के निर्देश दिए गए हैं।

इसी क्रम में विभाग ने जयपुर में गुर्जर की थड़ी स्थित ‘आईक्यूमेड हेल्थकेयर’ का निरीक्षण किया और इस दौरान करीब 12.78 लाख रुपये मूल्य की नकली और अमानक दवाओं का पूरा भंडार जब्त कर लिया गया।

इन दवाओं के विक्रय और उपयोग पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।

भाषा बाकोलिया खारी

खारी