Breaking News

TMC ने ECI से की वित्त मंत्री सीतारमण की शिकायत, आचार संहिता उल्लंघन का आरोप     |   ईरान के साथ सीजफायर बढ़ाने पर सहमत नहीं अमेरिका     |   बिहार में विभागों का बंटवारा: सीएम सम्राट चौधरी संभालेंगे 29 मंत्रालय, दोनों डिप्टी CM को मिले इतने विभाग     |   तुर्की के स्कूल में स्टूडेंट ने की फायरिंग, 4 की मौत     |   ईरान युद्ध खत्म हो जाने के बाद तेल की कीमतें कम हो जाएंगी: ट्रंप     |  

अकोला में तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस, देश में सबसे गर्म स्थान

नागपुर/मुंबई, 15 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के कई हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में हैं और विदर्भ क्षेत्र के अकोला शहर में बुधवार को अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो आज देश में सबसे अधिक रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

अकोला के अलावा, राज्य के तीन अन्य शहर अमरावती (44 डिग्री), वर्धा (43.9 डिग्री) और नागपुर (43.4 डिग्री) भी देश के सर्वाधिक गर्म स्थानों की सूची में शामिल रहे।

अधिकारियों ने बताया कि पारा और बढ़ने के आसार हैं और विदर्भ के अधिकतर जिलों में लू की स्थिति बनी रहेगी।

आईएमडी के अनुसार, आंध्र प्रदेश का अनंतपुर भी 43.4 डिग्री सेल्सियस के साथ चौथे स्थान पर रहा।

इसके बाद महाराष्ट्र के सोलापुर (43.3 डिग्री), मालेगांव (43.2 डिग्री) और बीड़ (43.1 डिग्री) का स्थान रहा।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज और छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आईएमडी नागपुर के वैज्ञानिक डॉ प्रवीण कुमार ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि अकोला पिछले दो-तीन दिनों से देश का सबसे गर्म शहर बना हुआ है।

उन्होंने चेतावनी दी कि अगले पांच दिनों में विदर्भ के अकोला, अमरावती, वर्धा, नागपुर, यवतमाल, वाशिम, बुलढाणा, चंद्रपुर और भंडारा जिलों में लू की स्थिति गंभीर हो सकती है।

डॉ. कुमार ने बताया, 'अगले चार-पांच दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है और विदर्भ में तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी। इसका मुख्य कारण महाराष्ट्र और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर और उससे अधिक की ऊंचाई पर बना हवा के ऊंचे दबाव का एक क्षेत्र (एंटी-साइक्लोनिक सर्कुलेशन) है। यह एक 'गर्म ढक्कन' की तरह काम कर रहा है, जो जमीन की तपिश को ऊपर नहीं जाने देता और उसे नीचे ही दबाकर रखता है। इसकी वजह से बादल नहीं बन पा रहे हैं और सूरज की सीधी किरणों के कारण पारा लगातार चढ़ रहा है।'

हालांकि, 21 अप्रैल से तापमान में गिरावट की संभावना है।

भीषण गर्मी को देखते हुए वर्धा जिला प्रशासन ने बृहस्पतिवार को सभी स्कूलों को बंद रखने का निर्देश दिया है।

पश्चिमी महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी गर्मी का कहर जारी रहा। सांगली में 41.8 डिग्री, बारामती में 40.2, परभणी में 42, जलगांव में 42.3, अहिल्यानगर में 41.9, धाराशिव में 41 और सतारा में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

तटीय जिलों में तापमान 40 डिग्री से कम होने के बावजूद उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मुंबई के सांताक्रूज में 34.5 और कोलाबा में 34.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

आईएमडी ने मुंबई, ठाणे और कोंकण क्षेत्र के लिए 'येलो अलर्ट' (उमस भरी गर्मी) जारी किया है। वहीं विदर्भ और मराठवाड़ा के कई जिलों के लिए लू का 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है।

आईएमडी मौसम की तीव्रता के आधार पर चार रंगों के कोड का उपयोग करता है, जिसमें 'ग्रीन' का अर्थ कोई चेतावनी नहीं, 'येलो' का अर्थ सतर्क रहना, 'ऑरेंज' का अर्थ संकट के लिए तैयार रहना और 'रेड' का अर्थ स्थिति से निपटने के लिए कदम उठाना है।

वसंतराव नाईक कृषि विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ कैलाश डाखोरे ने बताया कि मराठवाड़ा में अगले 48 से 72 घंटों में तापमान चार से पांच डिग्री तक और बढ़ सकता है।

भाषा सुमित रंजन

रंजन