(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 15 अप्रैल (भाषा) अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष का समाधान निकालने की इस्लामाबाद की कोशिशों के तहत पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को तेहरान पहुंचा।
पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा ‘इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस’ ने एक बयान में कहा कि मुनीर उस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं, जिसमें गृह मंत्री मोहसिन नकवी भी शामिल हैं।
बयान में कहा गया है, “फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और गृह मंत्री मोहसिन नकवी अमेरिका और ईरान के बीच जारी मध्यस्थता प्रयासों के तहत एक प्रतिनिधिमंडल के साथ तेहरान पहुंचे हैं।”
ईरानी मीडिया के मुताबिक, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने तेहरान में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों का स्वागत किया।
यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ बुधवार को सऊदी अरब, कतर और तुर्किये की आधिकारिक यात्रा पर रवाना हुए।
‘जियो न्यूज’ ने सूत्रों के हवाले से बताया कि पाकिस्तान में अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों को वार्ता के अगले दौर से पहले आवश्यक प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
एक दिन पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि ईरान के साथ वार्ता का दूसरा दौर अगले दो दिनों में इस्लामाबाद में आयोजित किया जा सकता है।
ट्रंप ने ‘द न्यूयॉर्क पोस्ट’ से बातचीत में कहा था, “आपको वहीं रहना चाहिए, क्योंकि अगले दो दिनों में कुछ भी हो सकता है और हम वहां जाने के लिए इच्छुक हैं।”
इस बीच, पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने कहा कि शरीफ की सऊदी अरब और कतर की यात्रा द्विपक्षीय संदर्भ में होगी, जहां प्रधानमंत्री दोनों देशों के नेतृत्व से मुलाकात करेंगे और द्विपक्षीय सहयोग के साथ-साथ क्षेत्रीय शांति एवं सुरक्षा पर चर्चा करेंगे।
इससे पहले, अमेरिका और ईरान के बीच बीते सप्ताहांत इस्लामाबाद में हुई शांति वार्ता बेनतीजा रही थी।
एक अधिकारी ने कहा कि दूसरे दौर की वार्ता आने वाले दिनों में होने की उम्मीद है, जिसके लिए पाकिस्तान पूरा प्रयास कर रहा है।
भाषा
शुभम पारुल
पारुल