नयी दिल्ली, 15 अप्रैल (भाषा) ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट और ऑनलाइन कैब बुकिंग की सुविधा देने वाले मंच उबर ने बुधवार को साझेदारी की घोषणा की। इसके तहत फ्लिपकार्ट के ‘सुपरकॉइन्स’ रिवॉर्ड कार्यक्रम को उबर की वाहन सेवाओं में एकीकृत किया गया है।
इस सहयोग के तहत, उपयोगकर्ता अपने फ्लिपकार्ट और उबर खातों को लिंक करके उबर के जरिये बुक प्रत्येक पात्र कैब यात्रा पर अपने किराये का चार प्रतिशत ‘सुपरकॉइन्स’ के रूप में प्राप्त कर सकते हैं।
प्रति यात्रा अधिकतम 150 कॉइन्स तक ही रिवॉर्ड मिल सकते हैं। हालांकि, कुल कमाई पर कोई सीमा नहीं है।
उबर राइड के माध्यम से अर्जित ‘सुपरकॉइन्स’ सीधे उपयोगकर्ता के फ्लिपकार्ट खाते में जमा किए जाएंगे और फ्लिपकार्ट मिनट्स, क्लियरट्रिप और अन्य भागीदार सेवाओं सहित फ्लिपकार्ट परिवेश में इनका उपयोग किया जा सकता है।
फ्लिपकार्ट के उपाध्यक्ष ( भुगतान और सुपरकॉइन्स) गौरव अरोड़ा ने बयान में कहा, ‘‘सुपरकॉइन्स रोजमर्रा के उपयोग के मामलों में एक व्यापक रिवॉर्ड स्तर के रूप में विकसित हो रहा है। वाहन इसका स्वाभाविक विस्तार है और उबर के साथ यह साझेदारी हमें ग्राहकों के दैनिक लेनदेन के तरीके में अधिक सहजता से एकीकृत होने की अनुमति देती है। समय के साथ, हम परिवेश में गहन सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए सुपरकॉइन्स को विभिन्न श्रेणियों में विस्तारित करना जारी रखेंगे।’’
उबर इंडिया और दक्षिण एशिया के निदेशक (व्यापार विकास) अर्नब कुमार ने कहा कि इस एकीकरण से मंच कैब बुक कर यात्रा करने वालों को सरल और सहज तरीके से अतिरिक्त लाभ प्रदान कर सकेगा।
भाषा रमण अजय
अजय