नयी दिल्ली, 15 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में सीबीएसई की कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 97.38 दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष के 95.14 प्रतिशत से अधिक है।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बुधवार को कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित किए। दिल्ली सरकार के स्कूलों में पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्रों में क्रमशः 93.68 प्रतिशत और 91.3 प्रतिशत उत्तीर्ण प्रतिशत दर्ज किया गया।
सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों का प्रदर्शन बेहतर रहा, पूर्वी क्षेत्र में 98.06 प्रतिशत और पश्चिमी क्षेत्र में 96.7 प्रतिशत उत्तीर्ण प्रतिशत रहा।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस वर्ष सीबीएसई कक्षा 10 बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि दिल्ली के विद्यार्थियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से राजधानी का गौरव बढ़ाया है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “यह सफलता आपकी मेहनत, समर्पण और अटूट प्रतिबद्धता का परिणाम है। यह उपलब्धि शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के निरंतर सहयोग को भी दर्शाती है।”
उन्होंने कहा, “प्रिय विद्यार्थियों, अपनी इस ऊर्जा, अनुशासन और प्रतिभा को बनाए रखें और उज्ज्वल भविष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ते रहें। जो छात्र इस बार अपनी अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर पाए, वे निराश न हों। आत्मविश्वास के साथ फिर प्रयास करें, सफलता अवश्य मिलेगी।”
राजधानी के दो क्षेत्रों में पश्चिमी दिल्ली का उत्तीर्ण प्रतिशत 97.45 रहा, जो पूर्वी दिल्ली के 97.33 प्रतिशत से थोड़ा अधिक है। दोनों क्षेत्रों में पिछले वर्ष की तुलना में सुधार दर्ज किया गया, जब पश्चिमी दिल्ली का उत्तीर्ण प्रतिशत 95.24 और पूर्वी दिल्ली का 95.07 प्रतिशत था।
दसवीं बोर्ड की परीक्षाओं में लड़कियां लड़कों से आगे रहीं। लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 97.66 रहा, जो पिछले वर्ष के 95.71 प्रतिशत से अधिक है, जबकि लड़कों का उत्तीर्ण प्रतिशत 96.50 रहा, जो पिछले वर्ष के 93.98 प्रतिशत से अधिक है।
सीबीएसई के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली क्षेत्र में कुल 3,46,889 छात्रों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 3,45,227 परीक्षा में शामिल हुए और 3,36,176 उत्तीर्ण हुए।
निजी स्कूलों का उत्तीर्ण प्रतिशत पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्रों में क्रमशः 53.97 और 45.95 रहा, जबकि स्वतंत्र स्कूलों का उत्तीर्ण प्रतिशत संबंधित क्षेत्रों में 98.19 और 97.3 प्रतिशत दर्ज किया गया।
आंकड़ों के अनुसार, पूर्वी क्षेत्र में कुल 5,481 और पश्चिमी क्षेत्र में 3,335 छात्रों को कंपार्टमेंट श्रेणी में रखा गया।
भाषा
राखी नरेश
नरेश