Breaking News

TMC ने ECI से की वित्त मंत्री सीतारमण की शिकायत, आचार संहिता उल्लंघन का आरोप     |   ईरान के साथ सीजफायर बढ़ाने पर सहमत नहीं अमेरिका     |   बिहार में विभागों का बंटवारा: सीएम सम्राट चौधरी संभालेंगे 29 मंत्रालय, दोनों डिप्टी CM को मिले इतने विभाग     |   तुर्की के स्कूल में स्टूडेंट ने की फायरिंग, 4 की मौत     |   ईरान युद्ध खत्म हो जाने के बाद तेल की कीमतें कम हो जाएंगी: ट्रंप     |  

मोबाइल चोरी कर बांग्लादेश भेजने वाले गिरोह के छह सदस्य गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 15 अप्रैल (भाषा) दिल्ली-एनसीआर में मोबाइल फोन चोरी कर उन्हें बांग्लादेश भेजने वाले एक गिरोह से जुड़े छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह गिरोह चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए नाबालिगों का इस्तेमाल करता था और राजधानी के भीड़भाड़ वाले बाजारों तथा सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को निशाना बनाता था।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, 'वे चोरी करने के लिए अपने पैतृक गांवों के बच्चों का इस्तेमाल करते थे और बाद में एक संगठित नेटवर्क के माध्यम से चोरी के फोन ठिकाने लगा देते थे।'

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान झारखंड के साहिबगंज निवासी रोहित कुमार महतो (25), आलोक कुमार उर्फ अलोपी महतो (32), शेख सुभान (33), नंदन कुमार महतो (25), सोनू कुमार महतो (23) और दिल्ली के ऑटो चालक अनिल कुमार (42) के रूप में हुई है। इन्हें कश्मीरी गेट आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों के पास से चोरी के कुल 46 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं और परिवहन के लिए इस्तेमाल किए जा रहे एक तिपहिया वाहन को जब्त कर लिया गया है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि चोरी के फोन बांग्लादेश तस्करी किए जाने से पहले झारखंड और पश्चिम बंगाल के बाजारों में भेजे जाते थे।

उन्होंने बताया कि नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान करने और इसमें शामिल नाबालिगों का पता लगाने के लिए तफ्तीश जारी है।

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश