Breaking News

TMC ने ECI से की वित्त मंत्री सीतारमण की शिकायत, आचार संहिता उल्लंघन का आरोप     |   ईरान के साथ सीजफायर बढ़ाने पर सहमत नहीं अमेरिका     |   बिहार में विभागों का बंटवारा: सीएम सम्राट चौधरी संभालेंगे 29 मंत्रालय, दोनों डिप्टी CM को मिले इतने विभाग     |   तुर्की के स्कूल में स्टूडेंट ने की फायरिंग, 4 की मौत     |   ईरान युद्ध खत्म हो जाने के बाद तेल की कीमतें कम हो जाएंगी: ट्रंप     |  

गुरुग्राम में गैंगस्टर कौशल की अवैध संपत्ति ध्वस्त की गई

गुरुग्राम, 15 अप्रैल (भाषा) गुरुग्राम पुलिस ने जिला प्रशासन के साथ समन्वय में बुधवार को संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए गैंगस्टर कौशल चौधरी और मादक पदार्थ तस्कर भजन लाल उर्फ गजेपाल से जुड़ी अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि नाहरपुर रूपा गांव में पुलिस ने चौधरी (45) से जुड़े अवैध भवनों को ध्वस्त कर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की करीब 50 करोड़ रुपये मूल्य की लगभग 1,500 वर्ग यार्ड जमीन को मुक्त कराया।

पुलिस के मुताबिक, चौधरी के खिलाफ हत्या, लूट, धन उगाही और फिरौती समेत 37 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पंजाब में गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां हरजीत कौर (52) और उसके अंगरक्षक करणवीर सिंह (29) की हत्या के मामले में भी आरोपी है।

पुलिस के अनुसार, जेल में बंद चौधरी ने अपने भाई की हत्या का बदला लेने और जमीन विवाद सुलझाने के लिए अपराध की दुनिया में कदम रखा और अब बंबीहा गिरोह के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आपराधिक गिरोह संचालित कर रहा है।

उसकी पत्नी मनीषा चौधरी को “लेडी डॉन” के नाम से जाना जाता है। वह भी जेल में है।

पुलिस ने बताया कि चौधरी ने पहली पत्नी से अलग होने के बाद सात वर्ष पहले मनीषा से विवाह किया था। उसे गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का प्रतिद्वंद्वी भी माना जाता है।

अधिकारियों ने कहा कि नाहरपुर रूपा में अतिक्रमित जमीन की पहचान आपराधिक संपत्तियों की निगरानी के दौरान की गई थी। आरोप है कि इस जमीन पर चौधरी के इशारे पर कब्जा किया गया था और इसका इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों को वित्तपोषित करने में किया जाता था।

इस बीच, पुलिस ने फाजिलपुर झारसा में भजन की अवैध संपत्ति को भी ध्वस्त कर दिया।

मादक पदार्थ तस्करी में शामिल भजन के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह फिलहाल अभियोजन का सामना कर रहा है।

कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद नोडल अधिकारी आरएस बाथ ने कहा कि राज्य सरकार ने अपराधियों के वित्तीय नेटवर्क को ध्वस्त करने और हरियाणा में सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के लिए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

भाषा

राखी पारुल

पारुल