कोलकाता, 15 अप्रैल (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला करते हुए कहा कि 2019 में शहर के एक कॉलेज में समाज सुधारक ईश्वर चंद्र विद्यासागर की प्रतिमा तोड़ने के लिए जिम्मेदार पार्टी अब बंगाल और उसकी परंपराओं एवं खानपान के प्रति अपना प्रेम जताने के लिए मछली लेकर घूम रही है।
दक्षिण 24 परगना जिले के बिष्णुपुर विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि जो लोग चुनाव से पहले अचानक बंगाली ‘अस्मिता’ के प्रति जागरूक हो जाते हैं, वे चुनाव के दौरान राज्य का दौरा करते हैं और फिर चार-पांच साल तक यहां के लोगों को भूल जाते हैं।
बनर्जी ने कहा, 'जिस पार्टी (भाजपा) के नेता पंडित ईश्वरचंद्र विद्यासागर की प्रतिमा तोड़ने के पीछे थे, वही अब हाथों में मछली लेकर इलाकों में घूमते हुए वोट मांग रहे हैं।
उन्होंने अपने डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र के तहत बिष्णुपुर में रैली को संबोधित करते हुए कहा, “वे अब बंगाली संस्कृति, हमारी विरासत और हमारे खानपान के प्रति झूठा प्रेम दिखा रहे हैं।”
बनर्जी ने 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले उत्तर कोलकाता में अमित शाह के रोड शो के दौरान विद्यासागर की प्रतिमा तोड़े जाने की घटना का उल्लेख किया, जिसे लेकर पार्टी ने यह आरोप लगाया था कि यह तोड़फोड़ शाह के रोड शो में शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं ने की थी।
अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) शासित कई राज्यों में मछली और मांस के सेवन पर पाबंदियां लगाई हैं।
उन्होंने कहा, “अगर वे (भाजपा) सत्ता में आते हैं, तो सबसे पहले मछली और मांस के खाने और बिक्री पर रोक लगाएंगे।”
भाषा
प्रचेता रंजन
रंजन