Breaking News

TMC ने ECI से की वित्त मंत्री सीतारमण की शिकायत, आचार संहिता उल्लंघन का आरोप     |   ईरान के साथ सीजफायर बढ़ाने पर सहमत नहीं अमेरिका     |   बिहार में विभागों का बंटवारा: सीएम सम्राट चौधरी संभालेंगे 29 मंत्रालय, दोनों डिप्टी CM को मिले इतने विभाग     |   तुर्की के स्कूल में स्टूडेंट ने की फायरिंग, 4 की मौत     |   ईरान युद्ध खत्म हो जाने के बाद तेल की कीमतें कम हो जाएंगी: ट्रंप     |  

दिल्ली में प्रेमी की होने वाली दुल्हन पर तेजाब फेंकने के आरोप में महिला गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 15 अप्रैल (भाषा) उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके में 21 वर्षीय एक युवती के होने वाले दूल्हे की कथित प्रेमिका ने उस पर तेजाब से हमला कर दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी के मुताबिक, पीड़िता की शादी 19 अप्रैल को होनी थी और तेजाब हमले के चलते उसकी आंखों, चेहरे, गर्दन व हाथ पर जलने के निशान हैं।

अधिकारी ने बताया कि पीड़िता का गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। 19 अप्रैल को पीड़िता की बहन की भी शादी होनी थी।

अधिकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार दोपहर करीब 12.30 बजे इंदिरा विहार स्थित पीड़िता के घर पर हुई, जहां उसकी “मेहंदी की रस्म” चल रही थी।

उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान आरोपी महिला पीड़िता के घर पहुंची और उस पर तेजाब फेंक दिया।

पुलिस सूत्रों ने कहा, “शुरुआत में हमें पता चला कि दोनों महिलाएं सामान्य रूप से बातचीत कर रही थीं और मेहंदी लगाने के तरीके पर चर्चा कर रही थीं, तभी स्थिति अचानक बदल गई।”

उन्होंने बताया कि आरोपी महिला ने अचानक एक बोतल खोली और उसमें रखा तेजाब पीड़िता के चेहरे पर फेंक दिया।

इस हमले से आयोजन स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। परिवार के सदस्य पीड़िता की मदद के लिए दौड़े, जो जलन के कारण दर्द से कराह रही थी। वहीं, कुछ लोगों ने 26 वर्षीय आरोपी महिला को पकड़ लिया और पुलिस को मामले की सूचना दी।

चिकित्सकों ने पीड़िता को निगरानी में रखा है।

प्रारंभिक जांच के मुताबिक, जिस तरह से आरोपी महिला ने पीड़िता के घर में प्रवेश किया और बातचीत के दौरान उस पर तेजाब फेंक दिया, उससे संकेत मिलता है कि हमला पूर्व नियोजित था और व्यक्तिगत कारणों से किया गया था।

पुलिस सूत्र ने बताया, “आरोपी पीड़िता की पड़ोसी है। उसका पीड़िता के होने वाले दूल्हे के साथ पांच साल से प्रेम प्रसंग था।”

पुलिस ने एक बयान में कहा कि 26 वर्षीय महिला को गिरफ्तार कर स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस ने कहा, “सूचना मिलने के बाद गोकुलपुरी थाने की एक टीम इंदिरा विहार इलाके में मौके पर पहुंची, जहां पता चला कि पीड़िता को उसके परिवार के सदस्य पहले ही जीटीबी अस्पताल ले जा चुके हैं।”

पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया है कि पीड़िता की शादी जिस व्यक्ति से तय हुई थी, आरोपी महिला उसके साथ प्रेम प्रसंग में थी और इस कारण वह इस रिश्ते के खिलाफ थी।

पुलिस ने कहा, “ईर्ष्या और गुस्से में आकर आरोपी महिला ने पीड़िता पर तेजाब फेंक दिया।”

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी महिला को तेजाब कहां से मिला।

भाषा

नोमान नोमान पारुल

पारुल