भुवनेश्वर, 15 अप्रैल (भाषा) बीजू जनता दल (बीजद)के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने बुधवार को मांग की कि ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी परिसीमन विधेयक में राज्य के राजनीतिक अधिकारों की रक्षा के लिए एक प्रस्ताव पारित करने के वास्ते ‘48 घंटों के भीतर’ विधानसभा का विशेष सत्र बुलाएं।
पटनायक ने आशंका जताई कि यदि परिसीमन विधेयक अपने वर्तमान स्वरूप में पारित हो जाता है तो ओडिशा के राजनीतिक हितों की घोर उपेक्षा होगी और इसके परिणामस्वरूप लोकसभा में राज्य के आनुपातिक प्रतिनिधित्व में गिरावट आएगी।
उन्होंने, हालांकि महिला आरक्षण विधेयक का स्वागत किया।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पटनायक ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा, ‘‘हम महिला आरक्षण विधेयक का स्वागत करते हैं... हालांकि, हम परिसीमन विधेयक का स्वागत तभी करेंगे जब ओडिशा के राजनीतिक अधिकार बरकरार रहेंगे।’’
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि परिसीमन विधेयक से जुड़ा मुद्दा केवल संख्या का नहीं है, बल्कि ‘‘यह संविधान में निहित सहकारी संघवाद की भावना को सीधे तौर पर प्रभावित करता है’’।
भाषा धीरज नरेश
नरेश