बेंगलुरु, 15 अप्रैल (भाषा) रसिख सलाम और भुवनेश्वर कुमार की तूफानी गेंदबाजी से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इंडियन प्रीमियर लीग में बुधवार को यहां लखनऊ सुपर जाइंट्स को 146 रन पर समेट दिया।
रसिख (24 रन पर चार विकेट) और भुवनेश्वर (27 रन पर तीन विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने सुपर जाइंट्स की टीम पारी की अंतिम गेंद पर ऑल आउट हो गई। कृणाल पंड्या ने भी 38 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
सुपर जाइंट्स की ओर से सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श ने सर्वाधिक 40 रन बनाए जबकि मुकुल चौधरी ने 39 और आयुष बडोनी ने 38 रन का योगदान दिया लेकिन तीनों में से कोई भी अच्छी शुरुआत को बड़ी परी में नहीं बदल पाया।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मार्श और एडेन मारक्रम (12) ने सतर्क शुरुआत की।
मार्श ने भुवनेश्वर की गेंद को स्टेडियम के बाहर भेजा। मारक्रम ने भी रसिख का स्वागत छक्के के साथ किया लेकिन फिर इसी तेज गेंदबाज की फुलटॉस को कवर में देवदत्त पडिक्कल के हाथों में खेल गए।
कप्तान ऋषभ पंत अगले ओवर में रिटायर्ड हर्ट हो गए जब जोश हेजलवुड (20 रन पर एक विकेट) की गेंद उनके बाएं हाथ की कोहनी में लगी।
सुपर जाइंट्स की टीम पावर प्ले में एक विकेट पर 35 रन ही बना सकी जो मौजूदा सत्र में टीम का शुरुआती छह ओवर में सबसे कम स्कोर है।
निकोलस पूरन की खराब फॉर्म भी जारी रही और वह सात गेंद में सिर्फ एक रन बनाने के बाद हेजलवुड की गेंद को विकेटों पर खेल गए।
मार्श ने कृणाल पर चौके और छक्के के साथ आठवें ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया।
बडोनी ने कृणाल की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया लेकिन मार्श इस स्पिनर की गेंद को विकेटों पर खेल गए। उन्होंने 32 गेंद का सामना करते हुए तीन चौके और दो छक्के मारे।
मुकुल चौधरी एक बार फिर अच्छी लय में नजर आए। उन्होंने कृणाल पर चौके से खाता खोलने के बाद इस स्पिनर के अगले ओवर में छक्का भी मारा।
बडोनी ने रसिख पर चौका मारा लेकिन इसी ओवर में विकेटकीपर जितेश शर्मा को कैच दे बैठे। उन्होंने 24 गेंद की अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का मारा।
बडोनी के आउट होने पर पंत दोबारा बल्लेबाजी करने उतरे लेकिन सिर्फ एक रन बनाने के बाद भुवनेश्वर की गेंद पर फिल सॉल्ट को कैच दे बैठे।
भुवनेश्वर ने जॉर्ज लिंडे (07) और मोहम्मद शमी (00) को लगातार गेंदों पर आउट किया जबकि रसिख ने मुकुल और आवेश खान (01) को पवेलियन भेजकर सुपर जाइंट्स की पारी का अंत किया।
भाषा सुधीर
सुधीर