Breaking News

TMC ने ECI से की वित्त मंत्री सीतारमण की शिकायत, आचार संहिता उल्लंघन का आरोप     |   ईरान के साथ सीजफायर बढ़ाने पर सहमत नहीं अमेरिका     |   बिहार में विभागों का बंटवारा: सीएम सम्राट चौधरी संभालेंगे 29 मंत्रालय, दोनों डिप्टी CM को मिले इतने विभाग     |   तुर्की के स्कूल में स्टूडेंट ने की फायरिंग, 4 की मौत     |   ईरान युद्ध खत्म हो जाने के बाद तेल की कीमतें कम हो जाएंगी: ट्रंप     |  

एनबीसीएफडीसी ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान 613.75 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया

नयी दिल्ली, 15 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम (एनबीसीएफडीसी) ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान 613.75 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया है, जिससे 61,621 लाभार्थियों को फायदा हुआ है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी।

मंत्रालय के बयान के अनुसार, यह वितरण पिछले वित्त वर्ष की तुलना में लगभग 16 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। निगम ने सभी क्षेत्रों तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए उपलब्ध धनराशि का करीब 99 प्रतिशत उपयोग किया।

एनबीसीएफडीसी, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के तहत आता है। यह देशभर में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए काम करता है।

मंत्रालय ने रियायती दरों पर ऋण की उपलब्धता बढ़ाने के उद्देश्य से वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान ‘वीआईएसवीएएस ब्याज अनुदान योजना’ की शुरुआत की थी।

मंत्रालय के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान एनबीसीएफडीसी ने इस योजना के तहत आवंटित 35.20 करोड़ रुपये का पूरा उपयोग किया, जिससे 1,92,650 लाभार्थियों को 2,720 करोड़ रुपये के ऋण उपलब्ध कराए गए।

ओबीसी के लिए राष्ट्रीय फेलोशिप के तहत, निगम ने वित्त वर्ष 2025-26 में 123.33 करोड़ रुपये वितरित किए, जिससे 2,505 छात्रों को लाभ हुआ।

मंत्रालय ने कहा कि निगम ने पीएम-दक्ष योजना के तहत आवंटित 45.34 करोड़ रुपये का लगभग पूरा उपयोग किया है।

भाषा प्रचेता सुभाष

सुभाष