गंगटोक, 15 अप्रैल (भाषा) सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राज्य के दो दिवसीय दौरे के तहत 27 अप्रैल को यहां पहुंचेंगे।
तमांग ने यहां एक कार्यक्रम के दौरान बताया कि मोदी अपराह्न करीब तीन बजे गंगटोक के पास लिबिंग हेलीपैड पर उतरेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान लोक भवन और पालजोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगे।’’
उन्होंने यहां मानन केंद्र में एक प्रमुख अंग्रेजी दैनिक, सिक्किम एक्सप्रेस के रजत जयंती समारोह में कहा, 'प्रधानमंत्री के 27 अप्रैल को दोपहर तीन बजे लिबिंग आर्मी हेलीपैड पर उतरने की उम्मीद है। वे हेलीपैड से लोक भवन तक रोडशो करेंगे, जिसके लिए राज्य सरकार सभी आवश्यक तैयारियां कर रही है।’’
तमांग ने बताया कि मोदी, सिक्किम राज्य गठन की 50 वीं वर्षगांठ के अवसर पर 28 अप्रैल को पालजोर स्टेडियम में आयोजित समारोह में शिरकत करेंगे।’’
सिक्किम के मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि वे रोडशो के मार्ग पर एकत्र होकर प्रधानमंत्री का स्वागत करें।
उन्होंने कहा कि यह एक बड़ा अवसर है जब सिक्किम जैसे छोटे राज्य को प्रधानमंत्री के स्वागत का अवसर मिलेगा।
भाषा राखी सुभाष
सुभाष