Breaking News

TMC ने ECI से की वित्त मंत्री सीतारमण की शिकायत, आचार संहिता उल्लंघन का आरोप     |   ईरान के साथ सीजफायर बढ़ाने पर सहमत नहीं अमेरिका     |   बिहार में विभागों का बंटवारा: सीएम सम्राट चौधरी संभालेंगे 29 मंत्रालय, दोनों डिप्टी CM को मिले इतने विभाग     |   तुर्की के स्कूल में स्टूडेंट ने की फायरिंग, 4 की मौत     |   ईरान युद्ध खत्म हो जाने के बाद तेल की कीमतें कम हो जाएंगी: ट्रंप     |  

दिल्ली में आपत्तिजनक नृत्य आयोजित करने के आरोप में बार प्रबंधक पर मामला दर्ज

नयी दिल्ली, 15 अप्रैल (भाषा) दिल्ली में एक बार के प्रबंधक पर वैध लाइसेंस के बिना परिसर में ‘आपत्तिजनक’ नृत्य आयोजित करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

दिल्ली पुलिस की एक टीम ने पहाड़गंज इलाके के बार पर छापा मारा, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज की गई। टीम ने दो व्यक्तियों से थोड़ी मात्रा में मादक पदार्थ एमडीएमए भी जब्त किया। पुलिस के एक बयान के अनुसार, दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने यह कार्रवाई की।

बयान में कहा गया है, 'जांच करने पर पता चला कि प्रतिष्ठान ऐसी गतिविधियों के लिए आवश्यक लाइसेंस के बिना संचालित हो रहा है।'

पहाड़गंज थाने में बार के प्रबंधक तस्लीम (42) और अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 (अश्लील कृत्य), 223ए/3/5 (लोक सेवक द्वारा विधिवत रूप से जारी किए गए आदेशों की अवज्ञा) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने एमडीएमए की जब्ती के संबंध में एक अलग मामला भी दर्ज किया है।

बयान के मुताबिक, लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन के संबंध में नगर निगम को भी सूचित कर दिया गया है ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

भाषा नोमान नोमान सुभाष

सुभाष