छत्रपति संभाजीनगर, 15 अप्रैल (भाषा) शिवसेना विधायक संतोष बांगर ने एक बार फिर ‘महायुति’ सरकार के कुछ मंत्रियों पर निशाना साधते हुए कहा है कि जो विधायकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के फोन कॉल नहीं उठाते, उन्हें खुद को मंत्री कहने का कोई अधिकार नहीं है।
एक मराठी समाचार चैनल से बातचीत में उन्होंने यह भी कहा कि मंत्रियों को केवल अपने निर्वाचन क्षेत्रों तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें पार्टी के लिए राज्य के हर कोने का दौरा करना चाहिए।
बांगर राज्य के मराठवाड़ा क्षेत्र के हिंगोली जिले में कलामनुरी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।
हाल में एक वीडियो सामने आया था, जिसमें बांगर ने राज्य के मंत्रियों की उपलब्ध नहीं होने को लेकर आलोचना की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्रिमंडल के कुछ सदस्यों के सिर पर सत्ता का नशा चढ़ गया है।
चैनल के साथ बातचीत में उन्होंने कहा, ‘‘जब पार्टी कुछ लोगों को मंत्री पद की जिम्मेदारी देती है, तो उन्हें अपने निर्वाचन क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्हें राज्य के हर कोने में जाकर पार्टी के लिए काम करना चाहिए।'
बांगर ने कहा, ‘‘मंत्रियों को अन्य निर्वाचन क्षेत्रों और जिलों में क्या हो रहा है, यह भी देखना चाहिए। उन्हें पार्टी के आम कार्यकर्ताओं और विधायकों के फोन का जवाब देना चाहिए। अगर वे फोन का जवाब नहीं दे रहे हैं, तो उन्हें खुद को मंत्री कहने का कोई अधिकार नहीं है।'
उन्होंने किसी मंत्री का बिना नाम लिए कहा, ‘‘संबंधित मंत्रियों को संदेश मिल जाएगा। (शिवसेना प्रमुख) एकनाथ शिंदे को कुछ भी बताने की जरूरत नहीं है क्योंकि वह जमीनी स्तर से जुड़े नेता हैं। मंत्रियों को इस मामले में एकनाथ शिंदे और श्रीकांत शिंदे का अनुसरण करना चाहिए।’’
भाषा आशीष नोमान
नोमान