भुवनेश्वर, 15 अप्रैल (भाषा) पूर्व कांग्रेस विधायक मोहम्मद मोकिम ने बुधवार को ओडिशा जनता कांग्रेस का गठन किया और इसे ‘जेन जेड’ के लिए एक मंच बताया।
रियल एस्टेट कारोबारी ने कहा कि नयी पार्टी का लक्ष्य बीजू जनता दल (बीजद) को मुख्य विपक्षी दल की भूमिका से हटाना और सत्तारूढ़ भाजपा के विकल्प के रूप में उभरना होगा।
बाराबती-कटक विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक रहे मोकिम ने यहां प्रदर्शनी मैदान में भारी भीड़ की उपस्थिति में नयी पार्टी की घोषणा की। कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाने के कारण उन्हें पिछले साल पार्टी (कांग्रेस) से निष्कासित कर दिया गया था।
नयी पार्टी की स्थापना के दौरान राज्य का कोई भी बड़ा नेता उनके साथ उपस्थित नहीं था, लेकिन उनकी विधायक बेटी सोफिया फिरदौस कार्यक्रम में शामिल हुईं, जिन्हें हाल ही में संपन्न राज्यसभा चुनावों में भाजपा के पक्ष में ‘क्रॉस-वोटिंग’ करने के आरोप में कांग्रेस से निलंबित कर दिया गया था।
भाषा
शुभम सुभाष
सुभाष