Breaking News

TMC ने ECI से की वित्त मंत्री सीतारमण की शिकायत, आचार संहिता उल्लंघन का आरोप     |   ईरान के साथ सीजफायर बढ़ाने पर सहमत नहीं अमेरिका     |   बिहार में विभागों का बंटवारा: सीएम सम्राट चौधरी संभालेंगे 29 मंत्रालय, दोनों डिप्टी CM को मिले इतने विभाग     |   तुर्की के स्कूल में स्टूडेंट ने की फायरिंग, 4 की मौत     |   ईरान युद्ध खत्म हो जाने के बाद तेल की कीमतें कम हो जाएंगी: ट्रंप     |  

चुनावी नतीजों से पहले इडुक्की में छुट्टियां मना रहे कांग्रेस नेता सतीशन

इडुक्की (केरल), 15 अप्रैल (भाषा) केरल में लंबे और थकाऊ चुनाव अभियान के बाद कांग्रेस नेता वी डी सतीशन कुछ दिनों के लिए राजनीति से दूर समय बिता रहे हैं। वह चार मई को चुनावी नतीजे आने से पहले यहां कुट्टिकानम के एक रिसॉर्ट में रुके हुए हैं।

सतीशन ने बुधवार को अपने फेसबुक अकाउंट पर परिवार के साथ इस यात्रा की तस्वीरें और वीडियो साझा किए।

चुनाव प्रचार के दौरान, सतीशन ने कहा था कि यदि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) निर्णायक जीत हासिल करने में विफल रहा, तो वह राजनीतिक 'वनवास' पर चले जाएंगे।

उनके इस बयान के बाद सत्तारूढ़ एलडीएफ (एलडीएफ) नेताओं ने उन पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि नतीजे आने के बाद उन्हें अपनी बात पर कायम रहना चाहिए।

उनके इस बयान पर कांग्रेस सांसद के सुधाकरण ने भी उनकी चुटकी लेते हुए कहा था कि वह प्रार्थना करेंगे कि विपक्ष के नेता को 'वनवास' पर न जाना पड़े। सुधाकरण के सतीशन के साथ मतभेद रहे हैं।

सतीशन ने अपनी यात्रा के वीडियो और फोटो के साथ फेसबुक पर लिखा, ‘‘जंगल में... वनवास के लिए नहीं, बल्कि एक मजबूत वापसी के लिए। असली चौंकाने वाली बात चार मई को मतपेटी खुलने पर ही सामने आएगी’’

उन्होंने दोस्तों के साथ पहाड़ों पर पदयात्रा (ट्रेकिंग) करते हुए एक वीडियो भी साझा किया।

केरल में नौ अप्रैल को हुए मतदान के लिए काफी आक्रामक चुनाव प्रचार देखा गया था।

चार मई को राज्य की 140 विधानसभा सीटों के नतीजे घोषित होने के साथ ही राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।

भाषा सुमित रंजन

रंजन