Breaking News

TMC ने ECI से की वित्त मंत्री सीतारमण की शिकायत, आचार संहिता उल्लंघन का आरोप     |   ईरान के साथ सीजफायर बढ़ाने पर सहमत नहीं अमेरिका     |   बिहार में विभागों का बंटवारा: सीएम सम्राट चौधरी संभालेंगे 29 मंत्रालय, दोनों डिप्टी CM को मिले इतने विभाग     |   तुर्की के स्कूल में स्टूडेंट ने की फायरिंग, 4 की मौत     |   ईरान युद्ध खत्म हो जाने के बाद तेल की कीमतें कम हो जाएंगी: ट्रंप     |  

दिल्ली की मुख्यमंत्री ने सीबीएसई परीक्षा में सफल हुए विद्यार्थियों को बधाई दी

नयी दिल्ली, 15 अप्रैल (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं कक्षा की परीक्षा में कामयाब होने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी और उनसे अनुशासन और ऊर्जा को इसी प्रकार बनाए रखने को कहा।

सीबीएसई ने बुधवार को 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए। सीबीएसई ने इस वर्ष से 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा दो चरणों में आयोजित करना शुरू किया है। पहले चरण की परीक्षा में छात्रों का उपस्थित होना अनिवार्य था, जिसके परिणाम घोषित किए जा चुके हैं।

बुधवार को घोषित 10वीं कक्षा की परीक्षा नतीजों में एक बार फिर लड़कियों ने लड़कों को पीछे छोड़ दिया है। इस बार 93.70 प्रतिशत छात्राएं परीक्षा में उत्तीर्ण हुई हैं।

दिल्ली में कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 97.38 रहा। दिल्ली के सरकारी स्कूलों में इस वर्ष उत्तीर्ण प्रतिशत 91.43 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्ष के 89.26 प्रतिशत से अधिक है, जबकि सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में यह वृद्धि और भी तेज रही और पिछले वर्ष के 83.94 प्रतिशत से बढ़कर इस साल 91.02 फीसदी हो गई।

गुप्ता ने ‘एक्स’ पर कहा कि कक्षा 10वीं (सत्र-1) की परीक्षा में सफल होने वाले दिल्ली के सभी प्यारे विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई।

उन्होंने कहा, “आज दिल्ली के विद्यार्थियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से हम सभी का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। आपकी यह सफलता आपकी कड़ी मेहनत, समर्पण और अटूट लगन का परिणाम है।”

गुप्ता ने कहा कि इस उपलब्धि का बड़ा श्रेय विद्यार्थियों के शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के निरंतर सहयोग को भी जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “प्यारे विद्यार्थियों, अपनी इस ऊर्जा, अनुशासन और प्रतिभा को इसी प्रकार बनाए रखें तथा उज्ज्वल भविष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ते रहें।”

उन्होंने कहा कि जिन छात्रों को इस बार मन मुताबिक सफलता नहीं मिल पाई, वे निराश न हों और आत्मविश्वास के साथ दोबारा प्रयास करें।

भाषा नोमान नोमान सुभाष

सुभाष