Breaking News

TMC ने ECI से की वित्त मंत्री सीतारमण की शिकायत, आचार संहिता उल्लंघन का आरोप     |   ईरान के साथ सीजफायर बढ़ाने पर सहमत नहीं अमेरिका     |   बिहार में विभागों का बंटवारा: सीएम सम्राट चौधरी संभालेंगे 29 मंत्रालय, दोनों डिप्टी CM को मिले इतने विभाग     |   तुर्की के स्कूल में स्टूडेंट ने की फायरिंग, 4 की मौत     |   ईरान युद्ध खत्म हो जाने के बाद तेल की कीमतें कम हो जाएंगी: ट्रंप     |  

गुजरात: चिखलोड सीट पर कोई मुकाबला नहीं, सभी उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वापस ले लिया

खेड़ा, 15 अप्रैल (भाषा) गुजरात के खेड़ा जिले के फागवेल तालुका पंचायत के अंतर्गत चिखलोड सीट पर चुनाव स्थगित कर दिया गया है क्योंकि चारों उम्मीदवारों ने स्वेच्छा से अपने नामांकन पत्र वापस ले लिए हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

चुनाव से हटने वाले उम्मीदवारों में भावनाबेन परमार (भाजपा), सोनलबेन परमार (कांग्रेस) और दो निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं।

यह घटनाक्रम चिखलोड गांव को नवगठित फागवेल तालुका में शामिल किए जाने के विरोध से जुड़ा है।

पिछले वर्ष सितंबर में, राज्य सरकार ने 17 नये तालुकों के गठन की घोषणा की थी। कपडवंज और कथलाल तालुकों के कुछ हिस्सों को अलग करके फागवेल को खेड़ा जिले के 11वें तालुका के रूप में गठित किया गया था। इस पुनर्गठन के तहत, चिखलोड गांव को फागवेल तालुका में जोड़ा गया है।

उस वक्त से चिखलोड के निवासी इस कदम का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है वह कपडवंज से घनिष्ठ रूप से जुड़े हुए हैं।

जनवरी में, कई ग्रामीणों ने चिखलोड को उसके मूल तालुका में बहाल करने की मांग को लेकर प्रतीकात्मक भूख हड़ताल की।

ग्रामीणों का कहना है कि कपडवंज में शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और बाज़ार सहित आवश्यक सेवाओं तक बेहतर पहुंच है।

फागवेल तालुका विकास अधिकारी सह चुनाव अधिकारी के.जे. आचार्य ने कहा कि बार-बार समझाने के बावजूद, चारों उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया।

उन्होंने कहा, 'उनमें से प्रत्येक ने स्पष्ट रूप से कहा कि वे बिना किसी दबाव या धमकी के स्वेच्छा से अपना नाम वापस ले रहे हैं। इसलिए उनके अनुरोध स्वीकार कर लिए गए।'

आचार्य ने पुष्टि की कि कोई उम्मीदवार न होने के कारण चिखलोड सीट पर चुनाव नहीं हो सकता।

भाषा

राखी सुभाष

सुभाष