इंफाल, 15 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस की मणिपुर इकाई के सदस्यों ने बुधवार को राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुलाकात कर राज्य में कथित तौर पर बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताई तथा सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।
कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष ओकराम इबोबी सिंह ने बताया, “हमने राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें राज्य में बिगड़ती स्थिति को रेखांकित करने के लिए ज्ञापन सौंपा है।”
पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने कहा कि जिले के गेलमोल के पास केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की गोलीबारी में तीन लोगों मारे गए, जिसे गैर-घातक उपाय अपनाकर रोका जा सकता था।
उन्होंने कहा, “बिष्णुपुर जिले में ट्रोंगलाओबी में हुए बम हमले सहित अन्य घटनाएं हुई जो अन्य राज्यों में कभी नहीं हो सकतीं।”
सिंह ने कहा, “हमने यह जानने के लिए ज्ञापन सौंपा है कि राज्य में सामान्य स्थिति कब बहाल होगी।”
उन्होंने बताया कि राज्यपाल ने आश्वस्त किया है कि उनकी चिंताओं को जल्द से जल्द केंद्र सरकार तक पहुंचाया जाएगा।
इस बीच, इंफाल स्थित लोक भवन की ओर से जारी बयान में कहा गया, आज पूर्व मुख्यमंत्री ओ. इबोबी सिंह के नेतृत्व में मणिपुर प्रदेश कांग्रेस समिति के सदस्यों ने राज्यपाल से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपा।'
भाषा
प्रचेता रंजन
रंजन