नयी दिल्ली, 15 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल में कथित अवैध कोयला खनन और चोरी से जुड़े धनशोधन मामले में 159 करोड़ रुपये की नयी संपत्तियां कुर्क की गई। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को बताया कि इस मामले में एजेंसी ने राजनीतिक परामर्श फर्म आई-पैक पर भी छापा मारा था।
एजेंसी ने एक बयान में कहा कि कुर्क की गई संपत्तियों में 'श्याम सेल एंड पावर लिमिटेड' और 'श्याम फेरो अलॉयज लिमिटेड' जैसी संस्थाओं के नाम पर रखे गए कॉर्पोरेट बॉण्ड और वैकल्पिक निवेश कोष जैसे चल वित्तीय साधनों में निवेश शामिल है।
ईडी का मामला केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की नवंबर 2020 की प्राथमिकी पर आधारित है, जिसमें पश्चिम बंगाल के आसनसोल और उसके आसपास के कुनुस्तोरिया और काजोरा क्षेत्रों में स्थित ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की खदानों से संबंधित कई करोड़ रुपये के कोयला चोरी घोटाले का आरोप लगाया गया है।
एजेंसी ने दावा किया कि राज्य की कुछ कंपनियों ने जानबूझकर अवैध रूप से खनन किया गया कोयला नकद भुगतान कर खरीदा था।
ईडी ने इससे पहले 322 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की थीं।
भाषा प्रचेता माधव
माधव