(फाइल फोटो के साथ)
कोलकाता, 15 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल की मतदाता सूचियों से केवल घुसपैठियों को हटाया है, लेकिन बड़ा काम उन्हें देश की सीमाओं से बाहर निकालना होगा।
आगामी विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार के दौरान शाह ने कहा कि सत्ता में आने पर भाजपा की सरकार ‘‘देश की पूर्वी सीमाओं को इस तरह से सील कर देगी कि बाड़ के आसपास परिंदे भी पर नहीं मार सकेंगे।’’
शाह ने उत्तरी बंगाल के बांग्लादेश से सटे कूच बिहार जिले के तूफानगंज में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘दीदी (ममता बनर्जी) सीमा पर बाड़ लगाने के लिए आवश्यक 600 एकड़ जमीन सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को नहीं देना चाहतीं। हमने फैसला किया है कि भाजपा की सरकार बनते ही हम 45 दिन के भीतर आवश्यक जमीन पर बाड़ लगाने का काम पूरा कर लेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘और यह सिर्फ बाहरी लोगों को आने से रोकने की बात नहीं है। यह उन लोगों के बारे में भी है जो पहले ही घुसपैठ कर चुके हैं। निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची से केवल घुसपैठियों के नाम हटाए हैं, लेकिन बड़ा काम उन्हें देश की सीमाओं से बाहर निकालना होगा।”
हाल में संपन्न विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कवायद के दौरान निर्वाचन आयोग ने राज्य की मतदाता सूचियों से लगभग 91 लाख नाम हटा दिए। इस मुद्दे पर चुनावों से पहले राजनीतिक घमासान शुरू हो गया, जिसमें तृणमूल ने आयोग पर भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया।
केंद्रीय गृह मंत्री पिछले कुछ दिनों से बंगाल में ही ठहरे हुए हैं और 23 अप्रैल को होने वाले चुनावों से पहले राज्य भर में कई रैलियां कर चुके हैं।
उत्तर बंगाल के प्रति सौतेले रवैये का आरोप लगाते हुए शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर आरोप लगाया कि उनकी प्राथमिकताएं कुछ और हैं। उन्होंने कहा, ‘‘चार लाख करोड़ रुपये के कुल राज्य बजट में से उन्होंने मुसलमानों को 5,700 करोड़ रुपये दिए, लेकिन पूरे उत्तर बंगाल क्षेत्र के लिए केवल 1,200 करोड़ रुपये आवंटित किए।’’
शाह ने घोषणा की कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनने पर संविधान की आठवीं अनुसूची में राजबंशी भाषा को शामिल किया जाएगा और राज्य रिज़र्व पुलिस बल में समुदाय की पूर्व नारायणी सेना मिलिशिया के सम्मान में एक नारायणी बटालियन का गठन किया जाएगा।
इससे पहले, जलपाईगुड़ी जिले के राजगंज में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा, तृणमूल कांग्रेस द्वारा ‘‘भ्रष्टाचार के माध्यम से बंगाल की जनता से लूटी गई एक-एक पाई वसूल करेगी।’’
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर दो दशकों तक सत्ता में रहने के बाद भी भ्रष्टाचार का कोई दाग नहीं है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का सत्ता से जाना ‘‘निश्चित’’ है, लेकिन इस प्रक्रिया को शुरू करने का काम राज्य के उत्तरी क्षेत्रों से शुरू होगा।
शाह ने कहा, ‘‘मोदी ने गुजरात पर 12 साल शासन किया और केंद्र में भी पिछले 12 साल से नेतृत्व कर रहे हैं; फिर भी उनके खिलाफ एक पैसे तक का किसी भी भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा।’’
शाह ने रैली में भीड़ को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘बंगाल में भाजपा को सत्ता में लाएं और तृणमूल नेताओं द्वारा लोगों से लूटे गए एक-एक पैसे को ब्याज समेत वसूला जाएगा।’’
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता में आने के बाद तृणमूल नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करेगी, जिन्होंने 'शिक्षक भर्ती घोटाले में 300 करोड़ रुपये हड़पे' और उत्तर बंगाल के लिए केंद्र द्वारा स्वीकृत बाढ़ राहत कोष से '100 करोड़ रुपये चुराए।
शाह ने कहा, ‘‘उत्तर बंगाल तीन 'टी' के लिए जाना जाता है-टी (चाय), टिंबर (लकड़ी) और टूरिज्म (पर्यटन)। लेकिन ममता बनर्जी ने इसमें एक चौथा 'टी' जोड़ दिया है-भाजपा कार्यकर्ताओं के टीअर्स (आंसू), जिन्होंने तृणमूल के गुंडों के हाथों असहनीय पीड़ा झेली है।’’
अलीपुरदुआर जिले के फलाकाटा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने फलाकाटा विधानसभा क्षेत्र से मौजूदा विधायक और भाजपा के उम्मीदवार दीपक बर्मन पर मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के एक समूह द्वारा किए गए हमले का जिक्र किया।
शाह ने कहा, ‘‘मैं ममता बनर्जी से कहना चाहता हूं कि आपके गुंडे उन्हें (बर्मन को) डरा नहीं सकते, वह भाजपा कार्यकर्ता हैं। मैं उन्हें आश्वस्त करना चाहता हूं कि पांच मई (मतगणना के एक दिन बाद) के बाद कोई भी आप पर उंगली तक नहीं उठा सकता।’’
शाह ने कहा, ‘‘मैं तृणमूल के गुंडों को सलाह देता हूं कि वे 23 अप्रैल को, यानी चुनाव के दिन, घर पर ही रहें, वरना पांच मई के बाद हम आपको उल्टा लटका देंगे।’’
घुसपैठिया मुक्त उत्तर बंगाल की वकालत करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि मोदी के नेतृत्व वाली सरकार, ‘‘जिसने भारत में नक्सलवाद को समाप्त किया और आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब दिया, अब बंगाल और अन्य जगहों पर घुसपैठियों का पता लगाएगी और उन्हें बाहर निकालेगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आज ही के दिन बिहार में भाजपा के मुख्यमंत्री ने शपथ ली है। ओडिशा में हमारी सरकार बन चुकी है। बंगाल में भाजपा को चुनिए और अंग-बंग-कलिंग की पवित्र त्रिमूर्ति पर कमल (भाजपा का चुनाव चिह्न) खिल उठेगा। हम घुसपैठियों को देश में घुसने से हमेशा के लिए रोक देंगे, जैसा कि हमने असम और त्रिपुरा में किया है।’’
उत्तर बंगाल केंद्रित कई विकास योजनाओं की घोषणा करते हुए शाह ने कहा कि राज्य में सरकार बनने के बाद पार्टी चाय बागान श्रमिकों को भूमि स्वामित्व प्रदान करेगी, जिससे वे भूखंडों के मालिक बन जाएंगे। भाजपा ने अपने चुनावी घोषणापत्र में भी इन योजनाओं का वादा किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम दो साल के भीतर चाय बागान श्रमिकों के वेतन में 500 रुपये की वृद्धि करेंगे, चाय बागानों में आधुनिक मॉडल स्कूल स्थापित करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि केंद्र सरकार द्वारा सभी चाय कर्मचारियों के लिए स्वीकृत 3,000 रुपये का एकमुश्त अनुदान उनके बैंक खातों में पहुंच जाए।’’
तृणमूल प्रमुख पर तीखा हमला बोलते हुए शाह ने कहा कि जहां मोदी सभी लोगों को अपना भाई, बहन और भतीजा मानते हैं, वहीं ममता बनर्जी केवल एक भतीजे अभिषेक बनर्जी की परवाह करती हैं।
शाह ने कहा, ‘‘उनकी (ममता बनर्जी) एकमात्र इच्छा यही है कि भविष्य में उनका भतीजा बंगाल का मुख्यमंत्री बने। लेकिन मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि उनका समय समाप्त हो चुका है। पश्चिम बंगाल में चुनाव खत्म होते ही उन्हें जाना होगा।’’
भाषा आशीष माधव
माधव