Breaking News

TMC ने ECI से की वित्त मंत्री सीतारमण की शिकायत, आचार संहिता उल्लंघन का आरोप     |   ईरान के साथ सीजफायर बढ़ाने पर सहमत नहीं अमेरिका     |   बिहार में विभागों का बंटवारा: सीएम सम्राट चौधरी संभालेंगे 29 मंत्रालय, दोनों डिप्टी CM को मिले इतने विभाग     |   तुर्की के स्कूल में स्टूडेंट ने की फायरिंग, 4 की मौत     |   ईरान युद्ध खत्म हो जाने के बाद तेल की कीमतें कम हो जाएंगी: ट्रंप     |  

दिल्ली: झुग्गियों में आग लगने से एक दंपति और उनकी दो साल की बेटी की मौत

(तस्वीरों सहित)

नयी दिल्ली, 15 अप्रैल (भाषा) दिल्ली के बुध विहार इलाके में स्थित मांगे राम पार्क के पास झुग्गियों में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से एक दंपति और उनकी दो साल की बेटी की जलकर मौत हो गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

डीएफएस के अनुसार, आग लगने की सूचना देर रात करीब एक बजकर 25 मिनट पर मिली, जिसके बाद दमकल की सात गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।

एक अधिकारी ने बताया कि इलाके में घना धुआं और आग की ऊंची लपटें देखी गईं।

दमकलकर्मियों ने घटनास्थल से जली ही हुई अवस्था में तीन शव बरामद किए। मृतकों की पहचान मोसिब-उर-दस्तगीर (23), उसकी पत्नी मोनारा शेख (19) और उनकी बेटी मैमुना के रूप में हुई है।

अधिकारियों के अनुसार, झुग्गियों में इस्तेमाल हुई तिरपाल, कबाड़ सामग्री और आसपास जमा ज्वलनशील कचरे के कारण आग ने बेहद तेजी से विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग कुछ ही मिनटों में फैल गई, जिससे लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला। हालांकि, उस इलाके के चार अन्य लोग निकलने में सफल रहे।

एक पड़ोसी ने कहा, ‘‘बच्चे को बचाया जा सकता था, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि सब कुछ पल भर में ही जलकर राख हो गया।'

उन्होंने बताया कि दंपति ने बच्चे को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तभी तिरपाल सहित टीन की छत ढह गई।

उन्होंने कहा, ‘‘मोसिब ने रात में दरवाजे पर ताला लगा दिया था क्योंकि यहां चोरी आम बात है। जब आग लगी, तो उसे चाबी नहीं मिली। उसने चाकू से ताला तोड़ने की कोशिश भी की, लेकिन परिवार के बाहर निकलने से पहले ही जलती छत गिर पड़ी।'

पीड़ितों के शोक संतप्त परिवार के सदस्यों ने बताया कि कई स्थानीय लोग पश्चिम बंगाल के मूल निवासी हैं और विधानसभा चुनाव से पहले जल्द ही अपने गृहनगर लौटने वाले थे।

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की मूल निवासी मोनारा की मां ने कहा, ‘‘हम कुछ दिनों में चुनाव के लिए अपने गृहनगर लौटने की योजना बना रहे थे।’’

उन्होंने बताया कि परिवार करीब चार साल से दिल्ली में रह रहा था, लेकिन बुध विहार इलाके में वे सिर्फ दो महीने पहले ही आए थे।

आग की लपटों ने आस-पास की इमारतों को भी प्रभावित किया। लोगों ने बताया कि भीषण तपिश के कारण आसपास की छतों पर लगे पानी की टंकियां क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि संकरी गलियों में बिजली के तार पिघल गए।

पड़ोसियों ने झुग्गियों में आग लगाए जाने का संदेह जताया है। उनका दावा है कि वहां रहने वाले परिवारों का अतीत में इलाके के कुछ लोगों के साथ विवाद था।

हालांकि, पुलिस ने कहा कि आग लगने का कारण अभी तक अज्ञात है और कारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘‘जांच के दौरान पता चला कि आग रात करीब पौने एक बजे अज्ञात कारणों से लगी और अस्थायी ढांचों तथा कबाड़ सामग्री के कारण तेजी से फैल गई। पांच लोग आग से सुरक्षित निकलने में कामयाब रहे।’’

बुध विहार थाने में एक मामला दर्ज किया गया है और मामले की तफ्तीश जारी है।

भाषा नोमान खारी

खारी