नयी दिल्ली, 15 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने सम्राट चौधरी को बुधवार को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार “सुरक्षित और विकसित बिहार” के निर्माण के लिए और अधिक ऊर्जा के साथ काम करेगी।
सम्राट चौधरी ने बुधवार को बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली और इस पद पर पहुंचने वाले पहले भाजपा नेता हैं।
पटना के लोक भवन में राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री जे. पी. नड्डा और लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के प्रमुख चिराग पासवान भी मौजूद थे।
नीतीश कुमार ने पिछले सप्ताह राज्यसभा सदस्य के रूप में निर्वाचित होने के बाद मंगलवार को मुख्यमंत्री पद छोड़ दिया था।
जद(यू) के वरिष्ठ नेता बिजेंद्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी ने भी शपथ ली, जिन्हें सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल में उपमुख्यमंत्री बनाया गया है।
अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में राजग जिस संकल्प भावना के साथ बिहार की जनता की दिन-रात सेवा कर रहा था, मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में उसे और भी गति मिलेगी। साथ ही, एक सुरक्षित एवं विकसित बिहार के निर्माण की दिशा में राजग की डबल इंजन सरकार और अधिक ऊर्जा के साथ कार्य करेगी।’’
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बिहार में नयी राजग सरकार को “ऊर्जा और अनुभव का संगम” बताते हुए कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में यह सरकार बिहार की जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के साथ-साथ राज्य के विकास को एक नयी बुलंदी पर ले जाएगी। मैं बिहार की इस नयी टीम को एक अत्यंत सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं देता हूं।’’
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने विश्वास जताया कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में बिहार और अधिक समृद्ध होगा तथा विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि सम्राट चौधरी, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ और ‘विकसित बिहार’ के संकल्प को पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ाएंगे।
भाषा खारी माधव
माधव