नयी दिल्ली, 15 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने बुधवार को कहा कि उसने अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी और आतंकी मॉड्यूल के एक प्रमुख सदस्य को गिरफ्तार किया है, जिसका कथित संबंध पाकिस्तान में बैठे आकाओं से है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी हर्ष पाल सिंह उर्फ रुबल (31) जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके सहयोगी रोहित गोदारा का करीबी माना जाता है।
अपराध शाखा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “उसके पास से एक विदेशी पिस्तौल और पांच कारतूस बरामद किए गए हैं। उसे पिछले महीने दर्ज एक मामले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है।”
अधिकारी ने बताया, “सिंह ने अवैध हथियारों की खेप प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और जबरन वसूली के मामलों में गिरोह के सदस्यों और पीड़ितों के बीच मध्यस्थ का काम किया। अब तक इस मामले में 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और उनके पास से 24 विदेशी हथियार और 216 कारतूस बरामद किए गए हैं।”
पुलिस ने बताया कि यह मॉड्यूल पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) से कथित रूप से जुड़ा है, और विदेश में बैठे आका इसके संचालन का समन्वय कर रहे थे।
अधिकारी ने बताया कि गाजियाबाद निवासी सिंह पूर्वी दिल्ली में एक ढाबा संचालित करता था और सह-आरोपी निशांत अरोड़ा से उसके संबंध हैं।
आरोप है कि वह 2023 में दुबई में गिरोह के सदस्यों के संपर्क में आया और बाद में नेटवर्क के भीतर अपने संबंधों को मजबूत करने के लिए बैंकॉक गया।
पुलिस ने बताया कि सिंह के ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क से भी संबंध थे जिनका इस्तेमाल संभावित जबरन वसूली के लिए लोगों, मुख्य रूप से व्यापारियों की पहचान करने और उनसे संपर्क साधने के लिए किया जाता था।
पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने और इसके वित्तीय लेनदेन का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
भाषा
नोमान खारी
खारी