महू, 15 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में महू के पास जंगलों में सेना की फायरिंग रेंज के क्षेत्र में दो लोगों ने 19 वर्षीय एक महिला के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना मंगलवार दोपहर सेना के बेरछा फील्ड फायरिंग रेंज के क्षेत्र में हुई।
अधिकारी के मुताबिक बलात्कार पीड़िता की शिकायत पर बड़गोंदा थाने में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश के लिए पुलिस का तलाशी अभियान जारी है।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) यांगचेन डोलकर भूटिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया,‘‘हमने मामला दर्ज कर लिया है और हर पहलू पर जांच कर रहे हैं। हमने घटनास्थल का मुआयना किया है और उन संभावित रास्तों की तलाश की है जिनसे आरोपी भागे होंगे। अभी तक मामले में कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।’’
उन्होंने बताया कि पीड़िता के बयान के अनुसार आरोपियों की उम्र 25 से 35 वर्ष के बीच थी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया,“हमने इलाके में अपने मुखबिरों का नेटवर्क सक्रिय कर दिया है और आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए जांच जारी है।”
बड़गोंदा थाने के प्रभारी प्रकाश वास्कले ने बताया कि जंगली इलाके में स्थित बेरछा फायरिंग रेंज सेना की है जो वहां केवल फायरिंग अभ्यास के दौरान ही अपने कर्मियों को तैनात करती है।
उन्होंने कहा कि फिलहाल इस रेंज में फायरिंग का कोई अभ्यास नहीं चल रहा है।
भाषा सं. हर्ष राजकुमार
राजकुमार