Breaking News

TMC ने ECI से की वित्त मंत्री सीतारमण की शिकायत, आचार संहिता उल्लंघन का आरोप     |   ईरान के साथ सीजफायर बढ़ाने पर सहमत नहीं अमेरिका     |   बिहार में विभागों का बंटवारा: सीएम सम्राट चौधरी संभालेंगे 29 मंत्रालय, दोनों डिप्टी CM को मिले इतने विभाग     |   तुर्की के स्कूल में स्टूडेंट ने की फायरिंग, 4 की मौत     |   ईरान युद्ध खत्म हो जाने के बाद तेल की कीमतें कम हो जाएंगी: ट्रंप     |  

इन्फोसिस ने टेनिस दिग्गज अल्काराज को बनाया वैश्विक ब्रांड एम्बैसडर

नयी दिल्ली, 15 अप्रैल (भाषा) सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनी इन्फोसिस ने बुधवार को सात बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन स्पेन के कार्लोस अल्काराज को अपना वैश्विक ब्रांड एम्बैसडर नियुक्त करने की घोषणा की।

कंपनी ने एक बयान में कहा कि इस बहुवर्षीय साझेदारी के तहत इन्फोसिस कृत्रिम मेधा (एआई) पर आधारित पेशकश ‘टोपाज’ के जरिये अल्काराज और उनकी कोचिंग टीम के साथ मिलकर मैच विश्लेषण और व्यक्तिगत प्रदर्शन से जुड़ा एक डिजिटल मंच विकसित करेगी।

अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी पर आधारित यह मंच खिलाड़ियों को मैच की तैयारी और खेल के दौरान रणनीति बनाने में मदद करेगा।

इन्फोसिस ने कहा कि यह सहयोग टेनिस कोर्ट के बाहर भी जारी रहेगा और कार्लोस अल्काराज फाउंडेशन के साथ मिलकर ‘टेक-फॉर-गुड’ पहल पर काम किया जाएगा, जिससे प्रौद्योगिकी की मदद से सामाजिक प्रभाव को बढ़ावा दिया जा सके।

अपने खेल में सुधार के लिए नए तरीकों की तलाश में रहने वाले टेनिस दिग्गज अल्काराज ने कहा, ‘‘इन्फोसिस के साथ साझेदारी से डेटा एवं एआई के उपयोग के जरिये अपने प्रदर्शन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में मदद मिलेगी।’’

कंपनी के मुताबिक, यह साझेदारी टेनिस में एआई के उपयोग को बढ़ाने और वैश्विक स्तर पर इसके प्रभाव का विस्तार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय