Breaking News

TMC ने ECI से की वित्त मंत्री सीतारमण की शिकायत, आचार संहिता उल्लंघन का आरोप     |   ईरान के साथ सीजफायर बढ़ाने पर सहमत नहीं अमेरिका     |   बिहार में विभागों का बंटवारा: सीएम सम्राट चौधरी संभालेंगे 29 मंत्रालय, दोनों डिप्टी CM को मिले इतने विभाग     |   तुर्की के स्कूल में स्टूडेंट ने की फायरिंग, 4 की मौत     |   ईरान युद्ध खत्म हो जाने के बाद तेल की कीमतें कम हो जाएंगी: ट्रंप     |  

स्मृति ईरानी ने महिला आरक्षण कानून जल्द लागू करने पर जोर दिया

कोलकाता, 15 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता स्मृति ईरानी ने महिला आरक्षण कानून को जल्द से जल्द लागू करने की बुधवार को वकालत की। साथ ही उन्होंने विपक्षी दलों पर ‘‘दोहरे मापदंड’’ अपनाने का आरोप लगाते हुए पश्चिम बंगाल में महिला सशक्तीकरण के प्रति अपनी पार्टी की प्रतिबद्धता को दोहराया और सरकारी नौकरियों में भी इसी तरह के आरक्षण का वादा किया।

लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक तिहाई आरक्षण प्रदान करने वाला कानून अभी लागू नहीं हो पाया है, क्योंकि इसका क्रियान्वयन नयी जनगणना और उसके बाद परिसीमन कवायद के पूरा होने से जुड़ा है। सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और विपक्षी दलों के बीच इस मुद्दे पर विवाद शुरू हो गया है।

एक सवाल पर ईरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने विधायी कार्यवाही के माध्यम से महिला सशक्तीकरण के प्रति अपना संकल्प प्रदर्शित किया है। उन्होंने विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि सत्ता में रहते हुए सुधारों को लागू करने के मौके मिलने के बावजूद वे ‘‘अलग-अलग बयान दे रहे हैं’’।

ईरानी ने कहा कि भाजपा शासन और सार्वजनिक जीवन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने वित्तीय समावेशन, स्वास्थ्य सेवा और आजीविका सहायता जैसी कई योजनाओं पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की सत्ता में आने पर पार्टी राज्य स्तर पर भी अपनी राष्ट्रीय प्रतिबद्धता को दोहराएगी। उन्होंने घोषणा की कि राज्य में सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया जायेगा, साथ ही प्रत्यक्ष वित्तीय सहायता और अन्य कल्याणकारी उपाय भी किए जाएंगे।

तृणमूल कांग्रेस नीत सरकार पर निशाना साधते हुए ईरानी ने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाओं को सुरक्षा संबंधी चिंताओं और सीमित आर्थिक अवसरों का सामना करना पड़ रहा है।

भाजपा ने अपने व्यापक जनसंपर्क अभियान के तहत पश्चिम बंगाल की महिलाओं को 3,000 रुपये प्रति माह की वित्तीय सहायता देने का भी वादा किया है।

भाषा देवेंद्र आशीष

आशीष