नोएडा (उप्र), 15 अप्रैल (भाषा) गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा में वेतन वृद्धि को लेकर हुए श्रमिकों के हिंसक प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया पर ‘‘भ्रामक और भड़काऊ सामग्री’’ प्रसारित करने के आरोप में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की दो प्रवक्ताओं और कांग्रेस से जुड़े सोशल मीडिया समन्वयकों सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बुधवार को यह जानकारी दी।
यह कार्रवाई नोएडा स्थित कारखानों के हजारों श्रमिकों की ओर से सोमवार को किए गए व्यापक विरोध-प्रदर्शन के बाद की गई, जिसने बाद में हिंसक रूप ले लिया था। प्रदर्शनकारियों में महिलाएं भी शामिल थीं।
प्रवक्ता ने बताया कि उप निरीक्षक सुशील कुमार की शिकायत पर 14 अप्रैल को साइबर अपराध थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं में राजद प्रवक्ता प्रियंका भारती और कंचना यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘राजद की दोनों नेताओं ने ‘एक्स’ पर अलग-अलग पोस्ट के जरिए एक वीडियो को नोएडा की घटना बताकर साझा किया, जबकि जांच में वह वीडियो मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के बुढार थाना क्षेत्र का पाया गया, जहां एक युवक नशे की हालत में हंगामा कर रहा था।’’
पुलिस के अनुसार, इन भ्रामक पोस्ट के कारण कानून-व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ा और लोगों में भय व आक्रोश का माहौल बना।
प्राथमिकी के बाद भारती ने सफाई देते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘वीडियो की सच्चाई जानने के बाद मैंने अपनी पोस्ट से उसे हटा दिया था और उत्तर प्रदेश पुलिस की उस पोस्ट को भी दोबारा साझा किया, जिसमें स्पष्ट किया गया था कि मेरा साझा किया गया वीडियो सही नहीं था। जहां तक इस पूरे मामले का सवाल है, मेरी नजर में यह साफ तौर पर राजनीतिक रूप से प्रेरित है।’’
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एक अन्य मामले में नोएडा सेक्टर-20 थाना में उप निरीक्षक अनिल कुमार की शिकायत पर अनुषि तिवारी और खुद को कांग्रेस का मीडिया समन्यक बताने वाले मीर इलियास के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि तिवारी और इलियास पर आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दावा किया कि उत्तर प्रदेश में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प के दौरान पुलिस की गोलीबारी में 14 लोगों की मौत हो गई और 32 घायल हुए हैं।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा, एक अन्य आरोपी जितेंद्र कुमार दौसा के खिलाफ भी साइबर अपराध थाने में मामला दर्ज किया गया है।
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘दौसा ने फेसबुक पर एक भ्रामक वीडियो पोस्ट कर उसे नोएडा का बताया, जबकि उक्त वीडियो भी मध्यप्रदेश के शहडोल जिले का ही था।’’
उन्होंने कहा कि मामलों की जांच जारी है।
भाषा सं
खारी धीरज
खारी