बेंगलुरु, 15 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष डी. के. शिवकुमार ने बुधवार को दावणगेरे दक्षिण विधानसभा उपचुनाव से पहले 'पार्टी विरोधी गतिविधियों' के लिए विधायक के. अब्दुल जब्बार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
शिवकुमार ने रविवार को जब्बार का पार्टी के अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा स्वीकार कर लिया और उनके अधीन गठित समितियों को भंग कर दिया।
यह कार्रवाई मुस्लिम नेताओं के एक समूह द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद की गई जिन्होंने दावणगेरे दक्षिण में आधिकारिक उम्मीदवार को हराने के लिए अपनी ही पार्टी के सदस्यों पर 'षड्यंत्र' रचने का आरोप लगाया था।
शिवकुमार ने एक विज्ञप्ति में कहा, 'दावणगेरे दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के हालिया उपचुनाव में उनकी पार्टी विरोधी गतिविधियों के मद्देनजर, विधान परिषद सदस्य अब्दुल जब्बार को कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है।'
विधायक जब्बार दावणगेरे दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ना चाहते थे लेकिन टिकट दिवंगत विधायक और पार्टी के दिग्गज नेता शमनूर शिवशंकरप्पा के पोते समर्थ मल्लिकार्जुन को मिल गया।
शिवशंकरप्पा के निधन के कारण नौ अप्रैल को उपचुनाव कराया गया।
इसी से संबंधित एक अन्य घटनाक्रम में, मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने सोमवार को विधायक नसीर अहमद को राजनीतिक सचिव के पद से हटा दिया। अहमद पर उपचुनाव के दौरान कांग्रेस के खिलाफ काम करने का आरोप है।
दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के एक दिन बाद, 10 अप्रैल को कर्नाटक कांग्रेस में दरार पैदा हो गई।
मुस्लिम नेताओं के एक समूह ने आरोप लगाया कि कुछ वरिष्ठ पार्टी नेताओं ने दावणगेरे दक्षिण में आधिकारिक उम्मीदवार को हराने के लिए 'आंतरिक साजिश' रची है, जहां अल्पसंख्यक समुदाय की अच्छी खासी संख्या है।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने सभी पहलुओं पर विचार करने और मुस्लिम नेताओं को विश्वास में लेने के बाद समर्थ मल्लिकार्जुन को उम्मीदवार बनाया था। इसके बावजूद, एक अभियान चलाया गया जिसमें कांग्रेस पर अल्पसंख्यकों को टिकट न देकर 'धोखा' देने का आरोप लगाया गया।
विधानसभा के मुख्य सचेतक सलीम अहमद, विधायक रिजवान अरशद और यासिर अहमद खान पठान, विधायक बिलकिस बानो और अन्य नेताओं ने शुक्रवार को एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए 'आंतरिक साजिश' का आरोप लगाया।
हालांकि नेताओं ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन पार्टी सूत्रों के अनुसार उनकी टिप्पणियां राज्य के आवास मंत्री बी जेड जमीर अहमद खान, जब्बार और नसीर अहमद पर लक्षित थीं।
खान ने खुले तौर पर दावणगेरे दक्षिण सीट से मुस्लिम उम्मीदवार के लिए टिकट की मांग की थी।
वह केरल चुनावों से संबंधित प्रतिबद्धताओं का हवाला देते हुए शुरू में निर्वाचन क्षेत्र में प्रचार से दूर रहे। हालांकि, बाद में मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के अनुरोध पर उन्होंने समर्थ के पिता और मंत्री एस एस मल्लिकार्जुन के साथ एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया।
कुछ रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि दावणगेरे के निवासी जब्बार और नसीर अहमद ने चुनाव प्रचार में सक्रिय रूप से भाग नहीं लिया था। इन नेताओं ने उपचुनाव में एसडीपीआई उम्मीदवार की मदद भी की थी।
इस घटनाक्रम के बीच, सिद्धरमैया ने रविवार को कहा कि दावणगेरे दक्षिण उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार को हराने के लिए आंतरिक 'षड्यंत्र' के आरोपों के बाद एआईसीसी सचिव की रिपोर्ट के आधार पर कुछ कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
उपमुख्यमंत्री शिवकुमार ने मंगलवार को नसीर अहमद के खिलाफ कार्रवाई के बाद कहा, 'पार्टी अनुशासन अधिक महत्वपूर्ण है। अहमद को दावणगेरे दक्षिण जाकर बागी उम्मीदवार को चुनाव से हटने के लिए मनाने को कहा गया था। वह नहीं गए...' जब्बार और नसीर अहमद के खिलाफ कार्रवाई के बाद अटकलें लगाई जा रही हैं कि खान को भी अगले मंत्रिमंडल फेरबदल के दौरान कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
दावणगेरे दक्षिण और बागलकोट के लिए उपचुनाव नौ अप्रैल को हुए थे। शमनूर शिवशंकरप्पा के निधन के बाद चुनाव कराना आवश्यक हो गया था।
भाषा
राखी नरेश
नरेश