Breaking News

TMC ने ECI से की वित्त मंत्री सीतारमण की शिकायत, आचार संहिता उल्लंघन का आरोप     |   ईरान के साथ सीजफायर बढ़ाने पर सहमत नहीं अमेरिका     |   बिहार में विभागों का बंटवारा: सीएम सम्राट चौधरी संभालेंगे 29 मंत्रालय, दोनों डिप्टी CM को मिले इतने विभाग     |   तुर्की के स्कूल में स्टूडेंट ने की फायरिंग, 4 की मौत     |   ईरान युद्ध खत्म हो जाने के बाद तेल की कीमतें कम हो जाएंगी: ट्रंप     |  

अमरावती में महिलाओं के अश्लील वीडियो प्रसारित करने के आरोप में युवक गिरफ्तार

अमरावती (महाराष्ट्र), 15 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के अमरावती जिले में कई महिलाओं और लड़कियों की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो ऑनलाइन साझा करने के आरोप में 19 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी अधिकारियों ने बुधवार को दी।

अमरावती के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) इन आरोपों की जांच करेगा। इस दल में 11 पुलिस अधिकारी और 36 कांस्टेबल शामिल हैं, जिसका नेतृत्व एक सहायक पुलिस अधीक्षक कर रहे हैं।

अमरावती निवासी राज्यसभा सदस्य अनिल बोंडे ने इस मामले की एक विशेष जांच दल (एसआईटी) से जांच कराने की मांग की है।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान अयान अहमद तनवीर अहमद के रूप में हुई है, जो अमरावती जिले के परतवाड़ा का निवासी है। उन्होंने बताया कि उसे 11 अप्रैल को तब हिरासत में लिया गया जब कुछ महिलाओं और लड़कियों के साथ उसकी अश्लील तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आये।

परतवाड़ा पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया, पीड़ित नाबालिग प्रतीत होती हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर उन्हें बहला-फुसलाकर उनकी मर्जी के खिलाफ अश्लील तस्वीरें लीं, वीडियो बनाये और पीड़ितों को बदनाम करने के लिए उन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।

पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और सबूत जुटाने के लिए उसकी जांच की जा रही है।

आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 294 (अश्लील सामग्री की बिक्री और वितरण), पॉक्सो कानून की संबंधित धारा और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि पीड़ितों में से किसी ने भी इस मामले में पुलिस से संपर्क नहीं किया है।

पुलिस ने पीड़ितों और उनके परिवारों से आगे आकर मामले में सहयोग करने की अपील की है और उन्हें आश्वासन दिया है कि उनकी पहचान गुप्त रखी जाएगी।

पुलिस ने कहा कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पत्रकारों से बात करते हुए सांसद बोंडे ने दावा किया कि इस मामले में कुछ अन्य लोग भी शामिल हैं।

उन्होंने दावा किया कि एक गिरोह ने (ऐसे अपराधों के लिए) स्नैपचैट और व्हाट्सऐप ग्रुप बनाए थे।

भाषा अमित माधव

माधव