Breaking News

TMC ने ECI से की वित्त मंत्री सीतारमण की शिकायत, आचार संहिता उल्लंघन का आरोप     |   ईरान के साथ सीजफायर बढ़ाने पर सहमत नहीं अमेरिका     |   बिहार में विभागों का बंटवारा: सीएम सम्राट चौधरी संभालेंगे 29 मंत्रालय, दोनों डिप्टी CM को मिले इतने विभाग     |   तुर्की के स्कूल में स्टूडेंट ने की फायरिंग, 4 की मौत     |   ईरान युद्ध खत्म हो जाने के बाद तेल की कीमतें कम हो जाएंगी: ट्रंप     |  

एलपीजी की कालाबाजारी पर सरकार सख्त, अबतक 44 प्राथमिकी दर्ज : रेखा गुप्ता

नयी दिल्ली, 15 अप्रैल (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को कहा कि सरकार ने तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) की कालाबाजारी एवं जमाखोरी रोकने के लिए अबतक करीब 550 छापेमारी की कार्रवाई की है और 44 प्राथमिकियां दर्ज कराई हैं तथा दो हजार से ज्यादा सिलेंडर जब्त किए गए हैं।

गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में रोजाना करीब सवा लाख एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है जो सामान्य मांग के मुताबिक है तथा सिलेंडर की आपूर्ति का वक्त चार-पांच दिन पर बना हुआ है।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने कहा कि आपूर्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ओटीपी आधारित आपूर्ति सत्यापन प्रणाली लागू की गई है, जिसके तहत प्रतिदिन 90 प्रतिशत से अधिक आपूर्तियों का सत्यापन किया जा रहा है।

गुप्ता ने कहा कि फ्री ट्रेड एलपीजी योजना के अंतर्गत पांच किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर प्रवासी श्रमिकों के लिए गैस एजेंसियों पर उपलब्ध कराए गए हैं जहां वैध पहचान पत्र प्रस्तुत करने पर ये खरीदे जा सकते हैं।

उन्होंने दोहराया, “वर्तमान वैश्विक भू-राजनीतिक परिस्थितियों के बावजूद राजधानी में एलपीजी, पेट्रोल एवं डीज़ल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य, स्थिर एवं पर्याप्त बनी हुई है। दिल्ली की सभी गैस एजेंसियों एवं बॉटलिंग प्लांट पर एलपीजी सिलेंडरों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।”

बयान में कहा गया है कि जहां कहीं भी किसी वितरक द्वारा कालाबाजारी, जमाखोरी या अन्य अनियमितताओं की शिकायत प्राप्त हुई है, वहां दिल्ली पुलिस एवं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के सहयोग से विशेष टीमों को तैनात कर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक 540 से अधिक छापेमारी की कार्रवाई की जा चुकी है, जिनमें 2027 से अधिक सिलेंडर जब्त किए गए हैं तथा 44 प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं।

भाषा नोमान नोमान धीरज

धीरज