Breaking News

TMC ने ECI से की वित्त मंत्री सीतारमण की शिकायत, आचार संहिता उल्लंघन का आरोप     |   ईरान के साथ सीजफायर बढ़ाने पर सहमत नहीं अमेरिका     |   बिहार में विभागों का बंटवारा: सीएम सम्राट चौधरी संभालेंगे 29 मंत्रालय, दोनों डिप्टी CM को मिले इतने विभाग     |   तुर्की के स्कूल में स्टूडेंट ने की फायरिंग, 4 की मौत     |   ईरान युद्ध खत्म हो जाने के बाद तेल की कीमतें कम हो जाएंगी: ट्रंप     |  

दिल्ली सरकार ने अग्नि सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘सेफ स्कूल कैंपेन’ शुरू किया

नयी दिल्ली, 15 अप्रैल (भाषा) दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने बुधवार को शहरव्यापी अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान की शुरुआत की, जिसमें 'सेफ स्कूल कैंपेन' भी शामिल है। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय राजधानी के स्कूलों और अस्पतालों में सुरक्षा तंत्र को मजबूत करना है।

एक बयान के अनुसार, 14 से 20 अप्रैल तक मनाए जा रहे अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत शिक्षा विभाग और दिल्ली अग्निशमन सेवा द्वारा आयोजित इस अभियान का उद्देश्य अग्नि सुरक्षा और तैयारी को बढ़ावा देने में जनता की भागीदारी को बढ़ाना है।

कार्यक्रम को ऑनलाइन माध्यम से संबोधित करते हुए सूद ने कहा कि सुरक्षा सुनिश्चित करना एक सामूहिक जिम्मेदारी है और उन्होंने नागरिकों से सुरक्षित वातावरण के निर्माण में सक्रिय रूप से योगदान देने का आह्वान किया।

अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के तहत सरकारी और निजी दोनों स्कूलों में अग्नि सुरक्षा मानदंडों के अनुपालन को मजबूत किया जाएगा।

मंत्री ने 1944 में मुंबई में एक जहाज पर लगी भीषण आग की घटना में अपनी जान गंवाने वाले 66 दमकलकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन अग्नि सुरक्षा और तैयारी के महत्व की याद दिलाता है।

सूद ने इस वर्ष की थीम सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल, आग के प्रति जागरूक समाज का हवाला देते हुए सूद ने जोर दिया कि बच्चों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली अग्निशमन सेवा ने पिछले वर्ष 36,000 से अधिक आपातकालीन कॉल पर प्रतिक्रिया दी और वह लगातार अपनी तकनीक और प्रशिक्षण प्रणालियों को उन्नत कर रही है।

मंत्री ने विद्यार्थियों से आग से संबंधित आपात स्थितियों से निपटने के लिए जागरूक और तैयार रहने का आग्रह किया और उन्हें ‘मॉक ड्रिल’ और सुरक्षा प्रदर्शनों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

बयान में कहा गया है कि अब तक 1,000 से अधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 50,000 से अधिक लोगों को अग्नि सुरक्षा उपायों का प्रशिक्षण दिया गया है।

भाषा नोमान नोमान रंजन

रंजन