Breaking News

परिसीमन को लेकर दक्षिण भारत में भ्रम फैलाने की कोशिश हो रही: मंत्री किरण रिजिजू     |   लखनऊ: दो बच्चों की जलकर मौत, देर रात 50 से ज्यादा झुग्गियों में लगी थी आग     |   DMK सांसद कनिमोझी ने परिसीमन विधेयक के खिलाफ नोटिस दिया     |   तमिलनाडु चुनाव: एक्टर विजय की पार्टी TVK आज अपना घोषणापत्र जारी करेगी     |   नेपाल में डीजल के दाम 30 रुपये बढ़े, अब 234 प्रति लीटर पर पहुंचा     |  

ओडिशा सरकार ने राज्य के तटीय इलाकों में दो महीने के लिए मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगाया

केंद्रपाड़ा (ओडिशा), 15 अप्रैल (भाषा) ओडिशा सरकार ने बुधवार को राज्य के 484 किलोमीटर लंबे तट पर दो महीने के लिए मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह प्रतिबंध मछलियों के निर्बाध प्रजनन के लिए की जाने वाली वार्षिक प्रक्रिया का हिस्सा है।

समुद्री मछली पकड़ने पर 14 जून तक प्रतिबंध से राज्य में बड़ी संख्या में मछुआरों की आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है, हालांकि सरकार का तर्क है कि यह कदम लंबे समय में उनके लिए फायदेमंद होगा।

एक अधिकारी ने कहा कि समुद्री मछली पकड़ने वाले समुदायों द्वारा किसी भी प्रकार के उल्लंघन से सख्ती से निपटा जाएगा, जिसमें मछली पकड़ने वाली नौकाओं को जब्त करना भी शामिल है।

राज्य मत्स्य विभाग (समुद्री) के संयुक्त निदेशक रबी नारायण पटनायक ने बताया कि मत्स्य विभाग में पंजीकृत 1,726 ट्रॉलर सहित 6,000 से अधिक मछली पकड़ने वाली मशीनीकृत नौका को 15 अप्रैल से समुद्र में जाने से कानूनी रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया है।

उन्होंने कहा, 'मछलियों के प्रजनन को बढ़ावा देने के लिए यह प्रतिबंध हर साल लगाया जाता है। इसका उद्देश्य मछुआरों के हित में काम करना है, क्योंकि इससे मछली का अधिक उत्पादन होता है।'

समुद्री मत्स्य पालन पर प्रतिबंध ओडिशा समुद्री मत्स्य पालन विनियमन अधिनियम के तहत लागू किया गया है और यह केंद्र सरकार के निर्देशों पर भी आधारित है।

भाषा

शुभम माधव

माधव