Breaking News

परिसीमन को लेकर दक्षिण भारत में भ्रम फैलाने की कोशिश हो रही: मंत्री किरण रिजिजू     |   लखनऊ: दो बच्चों की जलकर मौत, देर रात 50 से ज्यादा झुग्गियों में लगी थी आग     |   DMK सांसद कनिमोझी ने परिसीमन विधेयक के खिलाफ नोटिस दिया     |   तमिलनाडु चुनाव: एक्टर विजय की पार्टी TVK आज अपना घोषणापत्र जारी करेगी     |   नेपाल में डीजल के दाम 30 रुपये बढ़े, अब 234 प्रति लीटर पर पहुंचा     |  

ठाणे का सिविल अस्पताल गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा चाहने वालों के लिए वरदान साबित होगा: शिंदे

ठाणे, 15 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को कहा कि ठाणे में बन रहे सिविल अस्पताल में आधुनिक बुनियादी ढांचा उपलब्ध होगा और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा चाहने वाले नागरिकों के लिए यह वरदान साबित होगा।

शिंदे ने बताया कि तेम्भी नाका क्षेत्र में बनने वाले 900 बिस्तर वाले अस्पताल में एयर एम्बुलेंस के लिए छत पर हेलीपैड भी होगा। अधिकारियों ने बताया कि इसके तीन से चार महीनों में चालू होने की उम्मीद है।

यहां एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए शिंदे ने कहा, 'नया ठाणे सिविल अस्पताल आम लोगों के लिए वरदान साबित होगा।'

शहर के निवासी शिंदे ने बताया कि 10 मंजिला अस्पताल आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा।

ठाणे जिले के सिविल सर्जन डॉ. कैलाश पवार ने बताया कि इमारत में लगभग 450 कार और 1200 दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा है। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल से ठाणे और पड़ोसी पालघर जिलों के मरीजों को स्वास्थ्य सेवा की सुविधा मिलेगी।

अधिकारियों ने बताया कि सिविल निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि विद्युतीकरण और एमआरआई, सीटी स्कैन, कीमोथेरेपी और रेडियोथेरेपी इकाइयों सहित उन्नत चिकित्सा उपकरणों की स्थापना का काम जारी है।

पवार ने कहा, 'अस्पताल का उद्घाटन अगले तीन से चार महीनों में होने की उम्मीद है।'

भाषा

अमित माधव

माधव